उत्तर प्रदेशजालौनराजनीति

कमल का फूल ही चेहरा… यूपी में कौन होगा CM? केशव मौर्य के बयान ने बढ़ाई सियासी हलचल

यूपी चुनाव 2027 से पहले केशव मौर्य का बड़ा बयान! बोले- मुख्यमंत्री का चेहरा कोई व्यक्ति नहीं, कमल का फूल होगा। सियासी हलचल तेज!

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

UP Assembly Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सत्ता पक्ष से लेकर विपक्ष तक चुनावी रणनीति बनाने में जुटा है। इसी बीच प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने प्रदेश की सियासत में नई चर्चा छेड़ दी है। उन्होंने साफ कहा कि भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा कोई व्यक्ति नहीं, बल्कि ‘कमल का फूल’ होगा।

CM फेस पर केशव मौर्य का बड़ा बयान

मंगलवार को जालौन पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य से जब 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि पार्टी में किसी व्यक्ति को मुख्यमंत्री पद का चेहरा नहीं बनाया जाएगा। कमल का फूल ही पार्टी का चेहरा होगा।

वहीं, पंजाब में शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन को लेकर उन्होंने दावा किया कि भाजपा वहां भी सहयोगियों के साथ मिलकर सरकार बनाएगी।

उरई में कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक

उप मुख्यमंत्री ने जालौन के उरई में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस दौरान संगठन की गतिविधियों और आगामी चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई। बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा।

सपा-कांग्रेस गठबंधन पर कसा तंज

सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन की संभावनाओं पर तंज कसते हुए केशव मौर्य ने कहा कि दोनों दलों के बीच अभी खिचड़ी पक नहीं पा रही है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ एक बार फिर प्रदेश में सरकार बनाएगी।

सपा सरकार पर साधा निशाना

डिप्टी सीएम ने सपा के पूर्व शासनकाल पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उस दौरान प्रदेश में दंगे और गुंडागर्दी बढ़ी थी तथा कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी। उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश की दशा और दिशा बदलने का काम किया है।

बुंदेलखंड की सभी 19 सीटें जीतने का दावा

बुंदेलखंड की चुनावी स्थिति पर बात करते हुए केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया कि भाजपा आगामी चुनाव में जालौन की तीनों विधानसभा सीटों के साथ पूरे बुंदेलखंड की सभी 19 सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उनके इस बयान के बाद 2027 के चुनाव में भाजपा की रणनीति और मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

ये भी पढ़ें: जालौन में 700 मीटर लंबी चुनरी यात्रा ने खींचा ध्यान, 11 हजार दीपों से रोशन हुआ यमुना घाट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »