Jalaun News: उत्तर प्रदेश के जालौन में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आस्था और भक्ति का भव्य नजारा देखने को मिला। यहां प्रदेश की सबसे बड़ी चुनरी यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। करीब 700 मीटर यानी 2300 फुट लंबी चुनरी के साथ निकली इस यात्रा ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं, कालपी के पीलाघाट पर 11 हजार दीपों के दीपदान से यमुना घाट रोशनी से जगमगा उठा। चमारी गांव से शुरू हुई चुनरी यात्रा समाजसेवी अभय द्विवेदी के संरक्षण में आयोजित इस यात्रा का शुभारंभ जालौन के चमारी गांव से हुआ। यहां से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां यमुना को समर्पित करने के लिए विशाल चुनरी लेकर कालपी स्थित पीलाघाट की ओर रवाना हुए। यात्रा में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। डीजे, ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। पूरे रास्ते धार्मिक जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। विशाल चुनरी को देखने के लिए भी रास्ते में बड़ी संख्या में लोग जुटे। मां यमुना को समर्पित की गई चुनरी चमारी गांव से शुरू हुई यात्रा कालपी के पीलाघाट पहुंचकर संपन्न हुई। यहां श्रद्धालुओं ने 700 मीटर लंबी चुनरी मां यमुना को समर्पित की। इस दौरान विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की गई। 11 हजार दीपों से जगमगाया यमुना घाट कार्तिक पूर्णिमा पर पीलाघाट में दीपदान का भी विशेष आयोजन किया गया। करीब 11 हजार श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर मां यमुना के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। हजारों दीपों की रोशनी से यमुना घाट का नजारा बेहद आकर्षक हो गया। इस तरह विशाल चुनरी यात्रा और भव्य दीपदान ने जालौन में कार्तिक पूर्णिमा के आयोजन को खास बना दिया। ये भी पढ़ें: प्रत्याशी BJP का, चुनाव चिह्न होगा जयंत चौधरी की पार्टी का? रालोद का आया नया फॉर्मूला!