Mahoba News: उत्तर प्रदेश के महोबा में शिक्षा को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। राठ रोड स्थित राजकीय जिला पुस्तकालय में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित स्मार्ट लाइब्रेरी का शुभारंभ सदर विधायक राकेश गोस्वामी, विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर और जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर जिले के पांच पुस्तकालयों के नवीनीकरण कार्य का भी लोकार्पण किया गया। आधुनिक सुविधाएं नवीनीकृत पुस्तकालयों में राजकीय जिला पुस्तकालय महोबा, राजकीय मुकुंदलाल तिवारी इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, विकासखंड कबरई के ग्राम श्रीनगर का पुस्तकालय और वीर भूमि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय का पुस्तकालय शामिल हैं। इन पुस्तकालयों को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर अध्ययन संसाधनों से लैस किया गया है। नई तकनीक के साथ पढ़ाई जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने बताया कि स्मार्ट लाइब्रेरी विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और आम पाठकों के लिए ज्ञान का आधुनिक केंद्र बनेगी। यहां इंटरनेट, डिजिटल लर्निंग संसाधन, ई-बुक्स और शांत वातावरण में अध्ययन की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे छात्रों को नई तकनीक के साथ पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा। रविवार को भी खुलेगा पुस्तकालय कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने पुस्तकालय के समय को बढ़ाने की मांग रखी। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल निर्णय लेते हुए निर्देश दिए कि पुस्तकालय अब रविवार और अन्य अवकाश के दिनों में भी खुला रहेगा। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नई और उपयोगी पुस्तकों की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्मार्ट लाइब्रेरी जिले के युवाओं के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी और उनके शैक्षिक विकास में अहम भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। ये भी पढ़ें: IGRS में लापरवाही पर DM महोबा सख्त, 2 दर्जन से अधिक अधिकारियों का वेतन रोका