Noida News: ग्रेटर नोएडा में रेरा का बकाया जमा नहीं करना तीन निदेशकों को भारी पड़ गया। 77 करोड़ 66 लाख रुपये से अधिक की रकम बकाया होने के बावजूद भुगतान नहीं करने पर जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन निदेशकों को गिरफ्तार कर लिया। जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देश पर गुरुवार को दादरी तहसील प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। तीनों निदेशक जेल भेजे गिरफ्तार किए गए निदेशकों की पहचान श्री राम, मोहम्मद अलीम और तस्लीम सिद्दीकी के रूप में हुई है। ये सभी अंसल हाईटेक टाउनशिप्स लिमिटेड और उत्तम स्टील्स एसोसिएट्स लिमिटेड से जुड़े बताए गए हैं। प्रशासन के मुताबिक, लंबे समय से रेरा की बकाया रकम जमा नहीं की जा रही थी। इसके अलावा, बकाया वसूली के लिए पर्याप्त प्रतिभूति भी उपलब्ध नहीं कराई गई। कार्रवाई के बाद तीनों को दादरी के एसडीएम के सामने पेश किया गया। बकाया रकम जमा नहीं करने पर एसडीएम ने उन्हें अधिकतम 15 दिन तक हिरासत में रखने के आदेश जारी किए। इसके बाद तीनों को गौतम बुद्ध नगर जिला कारागार भेज दिया गया। इस संबंध में जेल प्रशासन को भी आवश्यक आदेश भेजे गए। नोटिस बेअसर दफ्तर सील बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी से पहले जिला प्रशासन कई बार बकाया वसूली के लिए कदम उठा चुका था। अधिकारियों की टीमें संबंधित कंपनियों के दफ्तरों पर पहुंचकर अनाउंसमेंट के जरिए भुगतान करने की चेतावनी दे चुकी थीं। इसके बावजूद रकम जमा नहीं की गई। प्रशासन ने कई बार नोटिस जारी किए और कंपनियों के कार्यालयों को सील करने की कार्रवाई भी की, लेकिन बकाया भुगतान नहीं हुआ। लगातार चेतावनियों और कार्रवाई के बाद अब तीन निदेशकों की गिरफ्तारी की गई है। जिला प्रशासन ने साफ किया है कि बकायेदारों से राजस्व वसूली का अभियान आगे भी जारी रहेगा और बकाया जमा नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट- आमिर खान ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो को कैबिनेट की हरी झंडी! बनेंगे 5 स्टेशन, जाम से मिलेगी राहत