उत्तर प्रदेशनोएडा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो को कैबिनेट की हरी झंडी! बनेंगे 5 स्टेशन, जाम से मिलेगी राहत

ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो को कैबिनेट की मंजूरी! 8.5 किलोमीटर रूट पर पांच स्टेशन बनेंगे। दो लाख से ज्यादा लोगों को फायदा, गौड़ चौक जाम से राहत की उम्मीद।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Greater Noida News: नोएडा और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बीच मेट्रो कनेक्टिविटी का लंबे समय से इंतजार कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 (किसान चौक) तक प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर को केंद्रीय कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है। इस फैसले के साथ ही करीब 2,390 करोड़ रुपये की इस परियोजना के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। मेट्रो कॉरिडोर बनने से दो लाख से ज्यादा लोगों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।

8.5 किलोमीटर के रूट पर बनेंगे पांच स्टेशन

प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर की लंबाई करीब 8.5 किलोमीटर होगी। इस रूट पर कुल पांच स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें सेक्टर-61, सेक्टर-70, सेक्टर-122, सेक्टर-123 और ग्रेटर नोएडा वेस्ट का सेक्टर-4 शामिल है। आखिरी स्टेशन किसान चौक के पास बनाया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के आवासीय सेक्टरों की नोएडा से कनेक्टिविटी बेहतर होगी। खासकर उन लोगों को राहत मिलेगी, जिन्हें रोजाना नौकरी, कारोबार और दूसरे कामों के लिए नोएडा आना-जाना पड़ता है।

गौड़ चौक और आसपास के जाम से मिलेगी राहत?

फिलहाल ग्रेटर नोएडा वेस्ट से नोएडा जाने वाले लोगों को रोजाना ट्रैफिक की परेशानी झेलनी पड़ती है। गौड़ चौक और आसपास की सड़कों पर पीक आवर्स में वाहनों का दबाव काफी बढ़ जाता है। निजी वाहनों पर निर्भरता के कारण कई बार लोगों को लंबे जाम में फंसना पड़ता है। मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद यात्रियों को सार्वजनिक परिवहन का एक और विकल्प मिलेगा। इससे सड़कों पर निजी वाहनों का दबाव घटने और ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार आने की उम्मीद है।

चार संस्थाएं मिलकर उठाएंगी परियोजना का खर्च

इस मेट्रो कॉरिडोर के निर्माण में केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार, नोएडा प्राधिकरण और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की हिस्सेदारी रहेगी। चारों संस्थाएं इक्विटी के आधार पर परियोजना के लिए बजट उपलब्ध कराएंगी। अब कैबिनेट की मंजूरी के बाद निर्माण से जुड़ी अगली प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। ऐसे में ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों लोगों की नजर इस बात पर रहेगी कि जमीन पर मेट्रो का काम कब शुरू होता है और उन्हें इस सुविधा का लाभ कब तक मिल पाता है।

ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में चोरों का आतंक! आर्मी इंस्टीट्यूट के 6 फ्लैटों में चोरी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »