उत्तर प्रदेशनोएडा

पानी की किल्लत से मिलेगी मुक्ति! नोएडा में आज से गंगाजल बहाल

नोएडा के 15 लाख लोगों को बड़ी राहत! 20 दिन बाद आज से गंगाजल की सप्लाई होगी बहाल। पुराने सेक्टरों और हाईराइज सोसायटियों में पानी का प्रेशर सुधरेगा।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

 Noida Water Supply: नोएडा के लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर है। करीब 20 दिनों से गंगाजल की आपूर्ति बंद होने के कारण पानी की समस्या झेल रहे शहरवासियों को 10 नवंबर से दोबारा गंगाजल मिलना शुरू हो जाएगा। गंगनहर की सफाई और मरम्मत का काम पूरा होने के बाद जलापूर्ति बहाल करने की तैयारी है। इससे नोएडा के करीब 15 लाख लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।

20 दिनों से क्यों बंद थी गंगाजल की सप्लाई?

दरअसल, उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग की ओर से हर साल गंगनहर की सफाई और मरम्मत कराई जाती है। मानसून के दौरान नहर में बड़ी मात्रा में सिल्ट जमा हो जाती है, जिसे हटाने के लिए पानी की आपूर्ति अस्थायी रूप से रोक दी जाती है। इसी वजह से गाजियाबाद के सिद्धार्थ विहार स्थित दोनों गंगाजल प्लांटों से सप्लाई प्रभावित हुई थी। यहां 240 एमएलडी और 120 एमएलडी क्षमता वाले दो प्लांट संचालित हैं। इन प्लांटों में गंगनहर के पानी को शोधित करने के बाद अलग-अलग इलाकों में भेजा जाता है। यहां से मिलने वाले कुल पानी का करीब 75 प्रतिशत हिस्सा नोएडा को मिलता है।

पुराने सेक्टरों से हाईराइज सोसायटियों तक हुई परेशानी

गंगाजल की आपूर्ति बंद होने का असर नोएडा के पुराने सेक्टरों के साथ सेवन एक्स सोसायटियों में भी देखने को मिला। कई इलाकों में पानी का प्रेशर कम हो गया था। खासकर ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा था।

अब कब और कैसे मिलेगी सप्लाई?

प्राधिकरण अधिकारियों के मुताबिक, सात नवंबर की आधी रात के बाद हरिद्वार से गंगनहर में पानी छोड़े जाने की योजना थी। इसके बाद पानी सिद्धार्थ विहार के प्लांटों तक पहुंचेगा और शोधन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। 10 नवंबर से गंगाजल की आपूर्ति शुरू होने की उम्मीद है। इसके लिए पहले स्टोरेज प्लांट में पानी जमा किया जाएगा और फिर अलग-अलग सेक्टरों में सप्लाई भेजी जाएगी।

इससे पुराने सेक्टरों से लेकर हाईराइज सोसायटियों तक पानी का प्रेशर सामान्य होने की उम्मीद है। अब नोएडा के लोगों को इंतजार है कि नियमित गंगाजल मिलने से उनकी 20 दिनों पुरानी परेशानी कितनी जल्दी दूर होती है।

ये भी पढ़ें: नोएडा में पटाखे जलाने से पहले जान लें ये नियम! QR कोड नहीं तो बिक्री और इस्तेमाल पर रोक

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »