उत्तर प्रदेशराजनीति

यूपी की सियासत में बड़ा उलटफेर! ओवैसी-चंद्रशेखर ने मिलाया हाथ, 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान

यूपी की सियासत में नया गठबंधन! ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने बनाया सामाजिक परिवर्तन मोर्चा। चंद्रशेखर होंगे CM चेहरा, सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान!

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Owaisi Chandrashekhar Alliance: उत्तर प्रदेश की राजनीति में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर नई हलचल शुरू हो गई है। सांसद असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने हाथ मिलाकर नए राजनीतिक गठबंधन का एलान किया है। इस गठबंधन को ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ नाम दिया गया है। खास बात यह है कि चंद्रशेखर आजाद को गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है। दोनों नेताओं ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी का एलान किया है।

पहला मोर्चा नया सियासी दावा

गठबंधन की घोषणा के दौरान चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि यह कोई तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि पहला मोर्चा है। उनके मुताबिक, फिलहाल इसमें दो राजनीतिक दल शामिल हैं, लेकिन आने वाले समय में पीड़ित, शोषित और वंचित वर्ग के लोगों के जुड़ने से इसका विस्तार होगा।

चंद्रशेखर ने बहुजन समाज के मुद्दों को बनाया आधार

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि लंबे समय से राजनीतिक दल बहुजन समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ने का वादा करते रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर अपेक्षित बदलाव नहीं हुआ। सरकारें और मुख्यमंत्री बदलते रहे, मगर बेरोजगारी, सामाजिक भेदभाव और उत्पीड़न जैसे मुद्दे बने रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी आवाज उठाने वालों के खिलाफ मुकदमे दर्ज किए जाते हैं और उन्हें कार्रवाई का सामना करना पड़ता है। चंद्रशेखर ने कहा कि अब वंचित वर्ग को अपने अधिकारों के लिए दूसरों पर निर्भर रहने के बजाय राजनीतिक रूप से मजबूत होना होगा।

उन्होंने हाथरस समेत प्रयागराज, गोरखपुर, कासगंज और संतकबीरनगर की घटनाओं का जिक्र करते हुए सरकार पर सवाल उठाए। साथ ही काकोरी की एक घटना का हवाला देकर सामाजिक उत्पीड़न का मुद्दा उठाया।

मस्जिदों पर कार्रवाई को लेकर भी दिया बयान

प्रेस कॉन्फ्रेंस में चंद्रशेखर आजाद ने मस्जिदों पर बुलडोजर कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों के खिलाफ कार्रवाई होने पर उनका गठबंधन विरोध करेगा। उन्होंने एनकाउंटर और बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। चंद्रशेखर ने कहा कि संविधान और आरक्षण से जुड़े अधिकारों के साथ किसी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी समेत दूसरे दलों के लिए भी गठबंधन के दरवाजे खुले रखने की बात कही।

ओवैसी ने बीजेपी को रोकने का किया दावा

गठबंधन के एलान के दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा आगामी चुनाव में बीजेपी को रोकने के लिए मजबूत विकल्प बन सकता है। उन्होंने बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को गठबंधन के प्रमुख मुद्दों में शामिल बताया। ओवैसी ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उनका कहना था कि अल्पसंख्यकों का समर्थन मिलने के बावजूद सपा बीजेपी को सत्ता से बाहर करने में सफल नहीं हो पा रही है। उन्होंने दावा किया कि नया गठबंधन प्रदेश में राजनीतिक बदलाव की ताकत बनेगा।

26 तारीख को शक्ति प्रदर्शन की तैयारी

चंद्रशेखर आजाद ने 26 तारीख को लखनऊ के रमाबाई मैदान में सत्ता परिवर्तन रैली आयोजित करने का एलान किया। इस रैली के जरिए गठबंधन अपनी राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी में है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या ओवैसी और चंद्रशेखर की यह नई जोड़ी यूपी की सियासत में नया समीकरण खड़ा कर पाएगी? क्या सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बीजेपी और सपा-बसपा के सामने मजबूत चुनौती पेश करेगा? इसका जवाब आगामी चुनावी गतिविधियों और गठबंधन के विस्तार से सामने आएगा।

ये भी पढ़ें: UP की सियासत में नया मोर्चा! ओवैसी-चंद्रशेखर की जोड़ी से किसका बिगड़ेगा चुनावी गणित?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »