Noida Cleanliness Survey: नोएडा की स्वच्छता रैंकिंग को लेकर इस बार बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। जिस शहर को पिछले साल राष्ट्रपति के हाथों स्वच्छता के लिए सम्मान मिला था, वह स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में कोई पुरस्कार हासिल नहीं कर सका। खास बात यह है कि नोएडा लंबे समय से स्वच्छता के मामले में अपनी अलग पहचान बनाए हुए था। ऐसे में इस बार पुरस्कारों की सूची से शहर का बाहर रहना चर्चा का विषय बन गया है। पुरस्कारों की दौड़ से बाहर दरअसल, स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में नोएडा को 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में रखा गया था। इस श्रेणी में मध्य प्रदेश के उज्जैन ने पहला, चंडीगढ़ ने दूसरा और आंध्र प्रदेश के गुंटूर ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, वाराणसी और लखनऊ को पुरस्कार मिले, लेकिन नोएडा का नाम विजेताओं में शामिल नहीं हुआ। पिछले साल मिला था राष्ट्रपति से सम्मान नोएडा के लिए यह झटका इसलिए भी बड़ा है, क्योंकि शहर 2020 से लगातार स्वच्छता सर्वेक्षण में पुरस्कार हासिल करता रहा है। साल 2020 में नोएडा देश में 25वें और उत्तर प्रदेश में पहले स्थान पर रहा था। 2021 और 2022 में भी प्रदेश में पहला स्थान मिला। 2023 में शहर ने देशभर में 14वीं रैंक हासिल की। इसके बाद 2024 में नोएडा सुपर स्वच्छ लीग में शामिल हुआ और राष्ट्रपति से स्वच्छ सिटी पुरस्कार प्राप्त किया। प्राधिकरण का दावा इस बार नोएडा ने कानपुर के बिठूर के साथ स्वच्छता जोड़ी पुरस्कार के लिए भी हिस्सा लिया था। इसके बावजूद कोई पुरस्कार नहीं मिला। हालांकि, नोएडा प्राधिकरण के जीएम एसपी सिंह का कहना है कि शहर सुपर स्वच्छ लीग में शामिल है और उसे 85 प्रतिशत से अधिक अंक मिले हैं। प्राधिकरण के मुताबिक, नोएडा को गार्बेज फ्री सिटी में फाइव स्टार और वाटर प्लस प्रमाणपत्र भी मिला है। उसका दावा है कि देश में शहर छठे और उत्तर प्रदेश में पहले स्थान पर रहा है। आखिर कहां हुई चूक? दूसरी ओर, मंत्रालय की वेबसाइट पर बुधवार देर शाम तक शहरों के अंकों और प्रदर्शन का पूरा विवरण उपलब्ध नहीं था। इससे पुरस्कारों की सूची और प्राधिकरण के दावों के बीच स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि लगातार पुरस्कार जीतने वाला नोएडा इस बार पीछे क्यों रह गया? क्या स्वच्छता व्यवस्था में कोई कमी रही या मूल्यांकन के मानकों ने नतीजे बदल दिए? फिलहाल प्राधिकरण ने अगले सर्वेक्षण में देश के शीर्ष तीन शहरों में जगह बनाने का लक्ष्य रखा है। ये भी पढ़ें: मेधा रूपम का बड़ा एक्शन! 77 करोड़ RERA बकाये पर तीन निदेशक गिरफ्तार