QR Code Crackers: दीपावली पर नोएडा में आतिशबाजी करने की तैयारी कर रहे हैं, तो पहले यूपी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की नई गाइडलाइन जरूर जान लें। वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और न्यायालय के निर्देशों का पालन कराने के लिए बोर्ड ने पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल को लेकर सख्त नियम जारी किए हैं। इनके तहत जिले में केवल प्रमाणित ग्रीन पटाखों को ही कुछ शर्तों के साथ अनुमति दी गई है। QR कोड और बैच नंबर होना जरूरी यूपीपीसीबी के निर्देशों के मुताबिक, पारंपरिक और ज्यादा प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। केवल वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR) और राष्ट्रीय पर्यावरण अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान (NEERI) से प्रमाणित हरित पटाखे ही बेचे और जलाए जा सकेंगे। असली ग्रीन पटाखों की पहचान के लिए उनके पैकेट पर QR कोड और बैच नंबर होना अनिवार्य है। स्वीकृत श्रेणियों में जलने पर वाष्प छोड़ने वाले पटाखे, सल्फर और पोटेशियम नाइट्रेट से मुक्त स्टार पटाखे तथा कम एल्युमीनियम और कम ध्वनि स्तर वाले सफल (SAFAL) पटाखे शामिल हैं। सिर्फ दो दिन और तय समय पर मिलेगी अनुमति यूपीपीसीबी के क्षेत्राधिकारी रीतेश तिवारी की ओर से जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार, नोएडा में सात और आठ नवंबर को ही पटाखे जलाने की अनुमति होगी। इसके लिए भी समय निर्धारित किया गया है। सुबह 6 से 7 बजे तक। रात 8 से 10 बजे तक। निर्धारित समय के बाद नौ नवंबर से पटाखों के इस्तेमाल पर दोबारा पूर्ण प्रतिबंध लागू हो जाएगा। इन जगहों पर पटाखे जलाने की मनाही बोर्ड ने अस्पतालों, नर्सिंग होम, स्वास्थ्य केंद्रों, वृद्धाश्रमों और शिक्षण संस्थानों के 300 मीटर के दायरे को शांत क्षेत्र घोषित किया है। यहां आतिशबाजी की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए पटाखों की ऑनलाइन बिक्री पर रोक रहेगी। बेरियम युक्त रसायनों से बने पटाखों और लड़ियों के निर्माण व कारोबार पर भी प्रतिबंध लगाया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ये भी पढ़ें: धनतेरस पर गौड़ सिटी मॉल में भीषण आग! खरीदारी करने पहुंचे लोगों में मची अफरा-तफरी