Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में दिवाली की रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। चोरों ने आर्मी इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (AIMT) के स्टाफ क्वार्टर को निशाना बनाया और एक साथ करीब आधा दर्जन फ्लैटों के ताले तोड़कर चोरी कर ली। घटना के समय इन फ्लैटों में रहने वाले सभी परिवार दिवाली की छुट्टियों में अपने गृह जनपद गए हुए थे। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोरों ने आराम से वारदात को अंजाम दिया। खाली फ्लैटों को बनाया निशाना जानकारी के मुताबिक, दिवाली की रात चोर स्टाफ क्वार्टर परिसर में दाखिल हुए और एक के बाद एक करीब छह फ्लैटों के ताले तोड़ दिए। परिवारों की गैरमौजूदगी में चोरों ने घरों को निशाना बनाया। छुट्टियां खत्म होने के बाद जब लोगों को चोरी की जानकारी मिली तो परिसर में हड़कंप मच गया। एक साथ कई फ्लैटों में चोरी की घटना सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। चार पुलिस टीमें जांच में जुटीं मामले की सूचना मिलने पर थाना बीटा-2 पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वारदात का जल्द खुलासा करने के लिए चार विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात में शामिल संदिग्धों की पहचान की जा सके। इसके अलावा घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि एक साथ आधा दर्जन फ्लैटों को निशाना बनाने वाले चोर कौन थे और वे सुरक्षा व्यवस्था को चकमा देकर परिसर में कैसे दाखिल हुए। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। रिपोर्ट- आमिर खान ये भी पढ़ें: लाल किला धमाके की पहली बरसी पर अल-फलाह में बड़ा बदलाव! सख्त पहरा, मौलवी का परिवार गायब, जानिए अब कैसे हैं हालात