Noida Crime News: कार में मसाज सर्विस देने का लालच देकर लोगों को जाल में फंसाने और फिर लूटपाट करने वाले एक संगठित गिरोह का नोएडा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। सेक्टर-24 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह से जुड़े छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो महिलाएं और एक नाबालिग भी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई फॉर्च्यूनर कार, अन्य वाहन और वारदात में इस्तेमाल किया गया सामान बरामद किया है। मसाज के नाम पर जाल पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह सोशल मीडिया और इंटरनेट प्लेटफॉर्म के जरिए कथित "कार मसाज सर्विस" का प्रचार करता था। इसके बाद ग्राहकों से संपर्क कर उन्हें रात के समय किसी सुनसान स्थान पर बुलाया जाता था। वहीं से उनके साथ ठगी और लूट की साजिश शुरू होती थी। जांच में सामने आया कि गिरोह का संचालन पंकज नामक व्यक्ति कर रहा था, जो फिलहाल फरार है। गिरोह के सदस्य अलग-अलग वाहनों में घटनास्थल के आसपास मौजूद रहते थे। ग्राहक को पहले युवतियों की तस्वीरें भेजी जाती थीं और पसंद की सर्विस का भरोसा देकर कार के अंदर बुलाया जाता था। हनीट्रैप का खेल जैसे ही ग्राहक उनके झांसे में आता, एक युवती उसके खिलाफ छेड़छाड़ का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर देती थी। इसके बाद आसपास मौजूद गिरोह के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचते और पुलिस कार्रवाई तथा गिरफ्तारी का डर दिखाकर पीड़ित को दबाव में ले लेते थे। इसी दौरान नकदी, मोबाइल, कीमती सामान और बैंक खातों से यूपीआई के माध्यम से पैसे भी ट्रांसफर करवा लिए जाते थे। ऐसे खुला राज पुलिस का कहना है कि अधिकांश पीड़ित बदनामी के डर से शिकायत दर्ज नहीं कराते थे, जिससे गिरोह लंबे समय तक सक्रिय रहा। हालांकि, एक जुलाई को एक व्यक्ति से फॉर्च्यूनर कार लूटे जाने के मामले ने पुलिस को सतर्क कर दिया। तकनीकी निगरानी और वाहन नंबरों की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही। गिरफ्तार आरोपी जेल भेजे गिरफ्तार आरोपियों में ओमवीर यादव, मंजेश यादव, प्रियंका यादव और निधि यादव समेत अन्य सदस्य शामिल हैं। पुलिस ने नाबालिग आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है, जबकि अन्य आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब गिरोह के फरार सरगना पंकज और अन्य साथियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों को आशंका है कि पूछताछ में ऐसे कई और मामलों का खुलासा हो सकता है, जिनकी शिकायत अब तक सामने नहीं आई है। ये भी पढ़ें: पहले गुलेल से लेते थे ‘टेस्ट’, फिर साफ कर देते थे घर! NCR में सक्रिय शातिर गैंग का पर्दाफाश