Etawah Murder: उत्तर प्रदेश में इटावा के इकदिल थाना क्षेत्र के ग्राम हिरणपुर में जमीन के पुराने विवाद ने एक महिला की जान ले ली। शुक्रवार दोपहर खेत पर हुए कथित हमले के बाद गंभीर रूप से घायल 41 वर्षीय रानी देवी की उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल है, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। खूनी जमीन विवाद परिजनों के अनुसार, रानी देवी अपने घर से कुछ दूरी पर खेत में जानवर चरा रही थीं। इसी दौरान गांव का रहने वाला नंदकिशोर अपने कुछ साथियों के साथ कथित रूप से विवादित जमीन पर कब्जा करने पहुंचा। महिला ने इसका विरोध किया तो आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और फावड़े से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान देर रात डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 15 दिन पहले जेल से हुआ था रिहा मृतका के पति कुंजीलाल का आरोप है कि वर्ष 2009 में डेढ़ बीघा जमीन का सौदा 80 हजार रुपये में हुआ था। उस समय 50 हजार रुपये दिए जा चुके थे, जबकि 30 हजार रुपये शेष थे। उनका कहना है कि नामजद आरोपी करीब 17 वर्ष पुराने हत्या के एक मामले में जेल में बंद था, इसलिए जमीन का बैनामा नहीं हो पाया। करीब 15 दिन पहले जेल से रिहा होने के बाद जब उससे शेष रकम लेकर बैनामा करने की बात कही गई तो विवाद बढ़ गया। जांच में जुटी पुलिस परिजनों ने नंदकिशोर, ग्राम प्रधान, उसके पुत्रों समेत कई लोगों पर हमले का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है। रानी देवी अपने पीछे पति, तीन बेटियों और दो बेटों का परिवार छोड़ गई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ये भी पढ़ें: आठ वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार,असलाह कारतूस बरामद