उत्तर प्रदेशगाजियाबाद

हॉर्न बजाने को लेकर विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या, लोनी बॉर्डर में सनसनी

लोनी बॉर्डर में बाइक का हॉर्न बजाने को लेकर हुए विवाद में 25 वर्षीय विपिन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी सोनू की तलाश तेज कर दी है।

Ghaziabad Crime News: गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में मामूली बात पर हुए विवाद ने एक युवक की जान ले ली। यहां गली में बाइक का हॉर्न बजाने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि विवाद के बाद एक युवक ने 25 वर्षीय विपिन को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

हॉर्न बना मौत

मामला लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की रतिराम कॉलोनी का है, जहां रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे बाइक का हॉर्न बजाने को लेकर विपिन और सोनू नाम के युवक के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि सोनू ने विपिन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल विपिन को परिजन तुरंत इलाज के लिए जीटीबी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि विपिन को दो गोलियां लगी थीं।

रोता-बिलखता परिवार

मृतक विपिन शाहदरा स्थित एक ब्रश बनाने वाली कंपनी में काम करता था और परिवार में सबसे छोटा था। उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि बड़ा भाई और शादीशुदा बहन परिवार में हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही लोनी बॉर्डर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी सोनू की तलाश तेज कर दी है। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें: नोएडा DM ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी! ई-मेल मिलते ही मचा हड़कंप

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »