Bahraich News: उत्तर प्रदेश के बहराइच में सोमवार को जगद्गुरु शंकराचार्य श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और संत-महात्माओं ने भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान पुष्पवर्षा, शंखनाद और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शंकराचार्य का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने जयघोष के साथ उनका अभिनंदन किया, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में रंग गया। शंकराचार्य का बड़ा बयान अपने संबोधन में जगद्गुरु शंकराचार्य ने गौ संरक्षण को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए समाज से इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि "जो सरकार हमारी गौ माता को 'राजमाता' का दर्जा नहीं देगी, उसे वोट नहीं देना है।" उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने जोरदार समर्थन व्यक्त किया। गौ रक्षा का आह्वान शंकराचार्य ने कहा कि गौ सेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, कृषि और समाज के संरक्षण से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने लोगों से गौ रक्षा, सनातन संस्कृति के संवर्धन और राष्ट्रहित के लिए जागरूक होकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी शंकराचार्य का सम्मान किया। पूरे आयोजन में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने लायक रहा और धार्मिक वातावरण के बीच गौ संरक्षण तथा सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश प्रमुख रूप से उभरकर सामने आया। ये भी पढ़ें: बाघ ने किसान को बनाया शिकार,मवेशी चराने गया था जंगल, हुई मौत