Bareilly Police: कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए बरेली रेंज पुलिस ने इस बार हाईटेक सुरक्षा प्लान तैयार किया है। पहली बार बरेली पुलिस लाइन में एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर बनाया गया है, जहां से बरेली, बदायूं, पीलीभीत और शाहजहांपुर के कांवड़ मार्गों की 24 घंटे निगरानी की जाएगी। 4700 कैमरों का पहरा डीआईजी अजय कुमार साहनी ने बताया कि यात्रा मार्गों, शिविरों और प्रमुख स्थानों पर ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी नेटवर्क के जरिए नजर रखी जाएगी। कंट्रोल रूम में बने 10 कैबिन लगातार सक्रिय रहेंगे। पूरे जोन में करीब 4700 कैमरों से निगरानी होगी, जिनमें 1500 कैमरों पर विशेष फोकस रहेगा। बरेली रेंज के 800 और मुरादाबाद रेंज के 700 कैमरों की खास निगरानी की जाएगी। 8000 पुलिसकर्मियों की तैनाती सुरक्षा व्यवस्था के लिए करीब 8000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। पूरे कांवड़ मार्ग को 8 सुपर जोन, 26 जोन, सेक्टर और सब-सेक्टर में बांटा गया है। प्रमुख मंदिरों, घाटों और चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल, आईपी कैमरे और सुरक्षा उपकरण लगाए जाएंगे। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए शिविरों में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती होगी। वहीं मिशन शक्ति स्टॉल, महिला शौचालय और विश्राम कक्ष की भी व्यवस्था की जाएगी। बिना अनुमति कोई भी कांवड़ शिविर नहीं लगाया जा सकेगा। जारी हुआ कंट्रोल रूम नंबर कछला घाट समेत प्रमुख घाटों पर एसडीआरएफ, पीएसी, गोताखोर, नाव और लाइफ जैकेट की व्यवस्था रहेगी। यातायात को सुचारु रखने के लिए रूट डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा। कांवड़ की अधिकतम ऊंचाई 12 फीट तय की गई है और डीजे संचालन के लिए भी नियम निर्धारित किए गए हैं। कांवड़ियों की सहायता के लिए कंट्रोल रूम नंबर 0581-2990450 और 08077293122 जारी किए गए हैं। कांवड़ कंट्रोल रूम की जिम्मेदारी एसपी अंशिका वर्मा को सौंपी गई है। ये भी पढ़ें: गौशाला की आड़ में कब्जा! बरेली में BDA का चला बुलडोजर, भारी पुलिस बल तैनात