By Election Results 2026: देश की तीन चर्चित विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव की मतगणना में मुकाबला बेहद दिलचस्प बना हुआ है। गुजरात की मांजलपुर सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने शानदार जीत दर्ज कर अपना दबदबा बरकरार रखा है, जबकि बिहार की बांकीपुर और मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर अभी भी सियासी रोमांच जारी है। मांजलपुर में बीजेपी का परचम गुजरात के वडोदरा की मांजलपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी उम्मीदवार सतीश गोविंदभाई पटेल ने बड़ी जीत हासिल की है। उन्होंने करीब 28 हजार वोटों के भारी अंतर से अपने प्रतिद्वंद्वी को मात दी। 19 दौर की मतगणना पूरी होने के बाद उनकी जीत तय हो गई, हालांकि आधिकारिक घोषणा बाकी है। प्रशांत किशोर की बढ़त कायम बिहार की राजधानी पटना की बांकीपुर सीट पर चुनावी मुकाबला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। यहां जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर बढ़त बनाए हुए हैं। 16 दौर की गिनती के बाद उन्हें 31,742 वोट मिल चुके हैं और उनकी बढ़त करीब 8,966 वोटों तक पहुंच गई है। जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ रही है, सभी की निगाहें इस सीट के अंतिम नतीजे पर टिकी हैं। दतिया में कांग्रेस ने बनाई बढ़त मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर मुकाबला कांटे का नजर आ रहा है। सातवें दौर की गिनती के बाद कांग्रेस उम्मीदवार ने 3,295 वोटों की बढ़त बना ली है। कांग्रेस को अब तक 31,436 वोट मिले हैं, जबकि बीजेपी के खाते में 28,141 वोट आए हैं। तीनों सीटों के नतीजे अलग-अलग सियासी तस्वीर पेश कर रहे हैं। जहां गुजरात में बीजेपी ने जीत का झंडा गाड़ा है, वहीं बिहार और मध्य प्रदेश में मुकाबला अभी भी दिलचस्प बना हुआ है।