उत्तर प्रदेशकानपुर

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा का भव्य स्वागत, बोले- कार्यकर्ताओं से संवाद ही दौरे का उद्देश्य

जाजमऊ में रोहित मिश्रा का भव्य स्वागत हुआ। मंच पर कलाकारों की प्रस्तुति, 51 किलो की पुष्पमाला और हनुमान प्रतिमा भेंट कर कार्यकर्ताओं ने भाजपा समर्थन में नारे लगाए।

Kanpur News: भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष रोहित मिश्रा का मंगलवार को पहली बार प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद कानपुर आगमन हुआ। दोपहर करीब 12:30 बजे जैसे ही उनका काफिला जाजमऊ स्थित गंगा पुल पहुंचा, भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने फूलों की वर्षा कर जोरदार स्वागत किया। शहर के विभिन्न हिस्सों में कुल 28 स्थानों पर स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

स्वागत में दिखा उत्साह

स्वागत समारोह के दौरान मंच पर टेडी बियर की वेशभूषा में कलाकारों ने आकर्षक प्रस्तुति देकर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। कार्यकर्ताओं ने रोहित मिश्रा को भगवान हनुमान की प्रतिमा भेंट की, जबकि मंच से कबूतर उड़ाकर शांति और सौहार्द का संदेश भी दिया गया। जाजमऊ में उन्हें 51 किलो की पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा और युवा मोर्चा के समर्थन में जमकर नारेबाजी हुई।

कार्यकर्ताओं से आया हूं मिलने

मीडिया से बातचीत में रोहित मिश्रा ने स्पष्ट किया कि उनका यह दौरा किसी चुनावी रणनीति या राजनीतिक बैठक के लिए नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित करना और संगठन को और अधिक मजबूत बनाना इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के विजन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सुशासन की योजनाओं को युवाओं और आम जनता तक पहुंचाने का अभियान चलाएगा।

छात्रों के प्रदर्शन पर दिया जवाब

दिल्ली में छात्रों के प्रदर्शन से जुड़े सवाल पर रोहित मिश्रा ने कहा कि छात्रों में किसी प्रकार की नाराजगी नहीं है। आगे उन्होंने दावा किया कि कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें छात्र अपनी बात स्पष्ट करते हुए माफी मांगते दिखाई दे रहे हैं। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं को छात्रों का अभिभावक बताया है और युवा वर्ग देश के विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।

9 जिलों के पदाधिकारियों के साथ होगा संवाद

भाजयुमो के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय कार्यालय, नौबस्ता में दोपहर बाद क्षेत्र के नौ जिलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस बैठक में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद रोहित मिश्रा कानपुर ग्रामीण में रात्रि विश्राम करेंगे और बुधवार को झांसी के लिए रवाना होंगे, जहां सात जिलों के युवा मोर्चा पदाधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है।

युवाओं में दिखा खास उत्साह

भाजयुमो नेताओं के अनुसार, प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद रोहित मिश्रा का यह पहला कानपुर दौरा होने के कारण कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। जाजमऊ से लेकर रामादेवी, पीएसी मोड़, टाटमिल, घंटाघर, बड़ा चौराहा, नवीन मार्केट और मोतीझील सहित कई प्रमुख स्थानों पर उनका स्वागत किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं का उत्साह और संगठन के प्रति सक्रियता साफ दिखाई दी।

ये भी पढ़ें: 5 साल के मासूम को सांप ने डसा, परिजनों की सूझबूझ से बच गई जान

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »