Free Bus Service: रक्षाबंधन के मौके पर आगरा और मथुरा की महिलाओं के लिए यात्रा आसान होने जा रही है। शासन के निर्देश पर आगरा-मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (एएमसीटीएसएल) ने नगरीय इलेक्ट्रिक बसों में महिलाओं को निशुल्क सफर कराने की तैयारी पूरी कर ली है। खास बात यह है कि महिला यात्री के साथ यात्रा करने वाला एक सहयात्री भी बिना टिकट शुल्क के सफर कर सकेगा। रक्षाबंधन पर मुफ्त यात्रा यह सुविधा बृहस्पतिवार सुबह 6 बजे से 29 अगस्त की रात 12 बजे तक लागू रहेगी। महिला के साथ यात्रा करने वाला व्यक्ति पुरुष या महिला हो सकता है। यह निर्णय रक्षाबंधन पर बहनों को मायके, ससुराल और रिश्तेदारों के यहां आने-जाने में राहत देने के उद्देश्य से लिया गया है। इलेक्ट्रिक बस डिपो के एआरएम सतेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, बसों में टिकट मशीनों को इस विशेष व्यवस्था के लिए तैयार कर दिया गया है। यात्रियों को शून्य मूल्य के वैधानिक टिकट जारी किए जाएंगे, ताकि निशुल्क यात्रा का रिकॉर्ड भी सुरक्षित रहे। विभाग को इस अवधि में हुई मुफ्त यात्राओं का पूरा विवरण उपलब्ध कराया जाएगा। महिलाओं को दोहरी सौगात यह लाभ केवल रोडवेज बसों तक सीमित नहीं रहेगा। महिलाएं सिटी ई-बसों में भी अपने एक सहयात्री के साथ मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। अधिकारियों का मानना है कि त्योहार के दौरान इस व्यवस्था से बड़ी संख्या में महिलाओं को आर्थिक राहत मिलेगी और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा। इसी बीच उत्तर प्रदेश में महिलाओं के लिए एक और महत्वपूर्ण योजना शुरू की गई है। ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना’ के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को प्रदेशभर में परिवहन निगम और सिटी बसों में आजीवन निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। वरिष्ठ महिलाओं को बड़ा लाभ इस योजना का लाभ लेने के लिए वरिष्ठ महिलाओं को अपनी उम्र और पहचान के प्रमाण के रूप में आधार कार्ड या वोटर आईडी दिखाना अनिवार्य होगा। लखनऊ में योजना के शुभारंभ के बाद आगरा के सूरसदन प्रेक्षागृह में कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया। कैबिनेट मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने इसे महिला सम्मान और सामाजिक संवेदनशीलता से जुड़ा कदम बताया। वहीं, उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि रक्षाबंधन की विशेष सुविधा महिलाओं के सफर को सुरक्षित, सुलभ और खर्च-मुक्त बनाने की दिशा में अहम पहल है। ये भी पढ़ें: बारिश में खुली ‘जुगाड़’ की पोल, कानपुर की सड़क पर बना 20 फीट गहरा गड्ढा