Ram Mandir CEO: वैदेही भवन में महासचिव गोविंद देवगिरी के साथ बैठक, बोले- ट्रस्ट के मार्गदर्शन और टीमवर्क से आगे बढ़ेंगे गौरतलब है अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के नवनियुक्त सीईओ एवं सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा शुक्रवार को वैदेही भवन पहुंचे, जहां उन्होंने ट्रस्ट के महासचिव गोविंद देवगिरी महाराज के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक के बाद बाहर निकले जितेंद्र मिश्रा ने राम मंदिर की व्यवस्थाओं और अपनी आगामी कार्ययोजना को लेकर मीडिया से बातचीत की। टीमवर्क पर रहेगा जोर जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि वह फिलहाल मंदिर की पूरी व्यवस्था और सिस्टम को समझने की प्रक्रिया में हैं। उन्होंने कहा कि व्यवस्था को पूरी तरह समझने के बाद ट्रस्ट के आदेश और मार्गदर्शन के अनुरूप आगे की रणनीति तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारी पूरी टीम के सहयोग से टीमवर्क के साथ आगे बढ़ेंगे। जैसे ही कोई प्लान या स्ट्रेटजी तैयार होगी, उसे आप लोगों के सामने लाया जाएगा। विश्वास और आशीर्वाद जरूरी राम मंदिर के सीईओ ने मीडिया और रामभक्तों से सहयोग और विश्वास की अपील करते हुए कहा कि उन्हें रामभक्तों के विश्वास के साथ-साथ आशीर्वाद की भी जरूरत है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में तैयार की गई योजनाओं का असर जमीन पर दिखाई देने लगेगा। प्लानिंग पर काम शुरू जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि मंदिर में जाकर व्यवस्थाओं को समझने, ट्रस्ट के पदाधिकारियों से बातचीत करने और बैठक के माध्यम से आगे की योजना तैयार करने का काम चल रहा है। उन्होंने कहा, “मुझे थोड़ा समय दें। हम लोग प्लानिंग कर रहे हैं और उस प्लानिंग को एग्जीक्यूट करना शुरू कर दिया है। अभी थोड़े दिनों में आपको इसका असर दिखाई देने लगेगा। नई जिम्मेदारी पर भावुक उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि व्यवस्थाओं को लेकर जब भी कोई महत्वपूर्ण निर्णय होगा, उसकी जानकारी मीडिया और लोगों के सामने साझा की जाएगी।अपनी नई जिम्मेदारी को लेकर जितेंद्र मिश्रा ने भावुक अंदाज में कहा प्रभु ने इतनी बड़ी जिम्मेदारी देकर मुझ पर अपने आशीर्वाद की वर्षा कर दी है अब इससे आगे हम क्या मांगेंगे। ये भी पढ़ें: राजस्व विभाग पर योगी सरकार का एक्शन, 4 तहसीलदार समेत 5 अफसर निलंबित