Azam Khan Press Conference: रामपुर में जेल से रिहाई के बाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां ने पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने प्रदेश सरकार, जांच एजेंसियों और संवैधानिक संस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए। आजम ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में नफरत का एजेंडा चलाया जा रहा है। इसके साथ ही उन्होंने अपने परिवार, जौहर विश्वविद्यालय और जेल में बिताए दिनों को लेकर भी कई बड़े बयान दिए। संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल आजम खां ने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को अपनी गरिमा बनाए रखने के बारे में खुद सोचना चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि उसकी वजह से देश की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बदनामी हुई है। ईडी, सीबीआई और विकास प्राधिकरण जैसी संस्थाओं की कार्यप्रणाली पर भी उन्होंने सवाल उठाए। उनका कहना था कि इन एजेंसियों की कार्रवाइयों से आम लोग परेशान हैं। जौहर विश्वविद्यालय और संपत्ति को लेकर क्या बोले आजम? अपनी संपत्ति का जिक्र करते हुए आजम खां ने कहा कि उनके पास इस घर के अलावा कोई दूसरा मकान नहीं है। उन्होंने बताया कि वह करीब 50 साल तक लखनऊ की राजनीति में सक्रिय रहे और चार बार मंत्री भी बने, लेकिन आज भी उनके पास दूसरा घर नहीं है। जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मामलों पर उन्होंने आयकर विभाग के आकलन को गलत बताया। आजम के मुताबिक, विश्वविद्यालय के करीब 90 प्रतिशत भवन वर्ष 2004 से 2006 के बीच ही तैयार हो चुके थे। उन्होंने दावा किया कि उस समय रामपुर विकास प्राधिकरण का गठन भी नहीं हुआ था। 'बच्चों से बीड़ी बनवा लेता लेकिन जेल नहीं जाने देता' जेल में बिताए समय को याद करते हुए आजम खां भावुक नजर आए। उन्होंने कहा कि आजादी से बड़ी कोई दौलत नहीं होती। वह अपने बच्चों से बीड़ी बनवाकर गुजारा कर लेते, लेकिन उन्हें जेल नहीं जाने देते। उन्होंने अपने साथ हुए व्यवहार को अमानवीय बताते हुए मानवाधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाया। आजम ने बताया कि जेल जाने से पहले उनका वजन 98 किलो था, जो अब घटकर 70 किलो रह गया है। ED और मुरादाबाद पुलिस पर लगाए आरोप आजम खां ने आरोप लगाया कि ईडी की कार्रवाई के दौरान उनके साथ आई मुरादाबाद पुलिस ने उन्हें चोट पहुंचाई। उन्होंने कहा कि उन पर चोरी, बेईमानी या कमीशन लेने जैसे आरोप नहीं लगे, बल्कि मुर्गी, बकरी और भैंस चोरी जैसे मामलों में उन्हें घेरा गया। चुनाव और ओवैसी पर भी साधा निशाना आगामी चुनाव को लेकर आजम खां ने कहा कि अभी चुनाव में काफी समय है। उन्होंने दावा किया कि आने वाला चुनाव जाति और धर्म के आधार पर नहीं होगा। असदुद्दीन ओवैसी का नाम लिए बिना उन पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि वह बैरिस्टर हैं, मौलाना नहीं। हैदराबादी बिरयानी का जिक्र करते हुए भी उन्होंने कटाक्ष किया। रिहाई के बाद आजम खां के इन बयानों ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा छेड़ दी है। अब देखना होगा कि उनके आरोपों पर सरकार और संबंधित एजेंसियों की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है। ये भी पढ़ें: गोरखपुर हादसे पर योगी का अखिलेश को सीधा चैलेंज, बोले- ऐसी कार्रवाई होगी कि पीढ़ियां याद रखेंगी!