Bahraich News || Anti Corruption Raid || Aadhar Center Manager Arrested || UP News: उत्तर प्रदेश के बहराइच में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आधार सेवा केंद्र के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पूरी कार्रवाई कार्यालय में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। क्या है पूरा मामला जानकारी के मुताबिक, कोतवाली देहात क्षेत्र के बहादुरचक गांव निवासी राजेंद्र कुमार कॉमन सर्विस सेंटर संचालित करते हैं। उनके पास आधार कार्ड बनाने और संशोधन का अधिकृत लाइसेंस भी है। आरोप है कि सीएससी और आधार सेवा केंद्र के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर आशुतोष पांडेय पिछले कई महीनों से संचालन के नाम पर हर महीने 10 हजार रुपये की अवैध वसूली कर रहे थे। टीम को मिली बड़ी सफलता पीड़ित का कहना है कि वह पिछले चार महीने से मजबूरी में रकम दे रहा था, लेकिन जब दोबारा दबाव बनाया गया तो उसने एंटी करप्शन टीम गोंडा से शिकायत कर दी। शिकायत मिलते ही निरीक्षक धनंजय कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाया। बताया जा रहा है कि जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने तुरंत दबिश देकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को कोतवाली नगर लाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। गिरफ्तार आरोपी आशुतोष पांडेय लखनऊ के सआदतगंज थाना क्षेत्र स्थित मेंहदीगंज स्क्वायर कॉलोनी का निवासी बताया जा रहा है। घटना के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। ये भी पढ़ें: कानपुर में हीटवेव का कहर, इंसानों के साथ पशु-पक्षियों को बचाने मैदान में उतरे जिलाधिकारी