उत्तर प्रदेश

मां-बेटी हत्याकांड के आरोपी से मुठभेड़ के बाद पुलिस का वीडियो वायरल, अखिलेश यादव ने उठाए सवाल

इटावा में मां-बेटी हत्याकांड के आरोपी से मुठभेड़ के बाद पुलिस के वीडियो वायरल हुए। अखिलेश यादव ने सड़क पर आरोपी को पट्टी बांधने और रुपये गिनने पर पुलिस को घेरा।

Etawah Double Murder: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में मां-बेटी की हत्या के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कार्रवाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। भरथना थाना क्षेत्र के चन्देठी गांव में हुई इस दोहरे हत्याकांड के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। वहीं, कार्रवाई के दौरान बनाए गए कथित वीडियो को लेकर सियासी विवाद भी शुरू हो गया है।

घर में मिले थे मां-बेटी के शव

जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 7 बजे चन्देठी गांव में एक घर के अंदर मां और बेटी के खून से लथपथ शव मिले थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। दोहरे हत्याकांड के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस ने जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की गई।

मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली

पुलिस के अनुसार, सोमवार शाम करीब 5 बजे आरोपी मुकेश यादव को पकड़ने की कोशिश के दौरान मुठभेड़ हुई। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा। इसके बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया, जिसमें आरोपी को सड़क पर बैठाकर उसके पैर में पट्टी बांधते और पुलिसकर्मियों द्वारा उसे उठाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

2.30 लाख रुपये गिनने का वीडियो भी वायरल

मामले से जुड़ा एक दूसरा वीडियो भी सामने आया है। इसमें भरथना थानाध्यक्ष विक्रम सिंह कथित तौर पर सड़क पर खड़े होकर आरोपी की स्कूटी से बरामद 2.30 लाख रुपये गिनते नजर आ रहे हैं। पुलिस के अनुसार, यह रकम जांच के दौरान बरामद की गई थी। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने पुलिस अधिकारी के तरीके पर सवाल उठाए। कई यूजर्स ने इसे लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दीं और पुलिस की कार्यशैली पर चर्चा शुरू हो गई।

अखिलेश यादव ने पुलिस पर साधा निशाना

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट से साझा किया। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए प्रदेश सरकार को घेरा और पूछा कि प्रदेश में कोई गृह मंत्री है भी या नहीं? वीडियो को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया और मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जा रही है।

ये भी पढ़ें: आंगन में मां की लाश, कमरे में बेटी, इटावा डबल मर्डर का रहस्य गहराया

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »