Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा में शनिवार रात मामूली कहासुनी के बाद 33 वर्षीय राहुल यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात जसवंतनगर थाना क्षेत्र के पीपरीपुरा गांव में करीब रात 10 बजे हुई। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही चार नामजद लोगों ने पहले राहुल के साथ मारपीट की और फिर गोली मारकर फरार हो गए। पार्टी से लौटते समय घेरा परिजनों के मुताबिक, राहुल अपने दोस्त की जन्मदिन पार्टी से लौटकर घर जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में आरोपियों ने उसे घेर लिया। कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि इसी दौरान राहुल को गोली मार दी गई। गोली लगने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। अस्पताल में मौत की पुष्टि परिजन गंभीर हालत में राहुल को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर श्याम मोहन ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में परिजनों और रिश्तेदारों की भीड़ जुट गई। डॉक्टर के मुताबिक, राहुल को कितनी गोलियां लगीं, इसकी स्पष्ट जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगी। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। छह महीने पहले हुआ था विवाद परिवार का आरोप है कि करीब छह महीने पहले गांव में बिजली चोरी के लिए कटिया डालने का राहुल ने विरोध किया था। इसी बात को लेकर कुछ लोगों से उसका विवाद हुआ था। राहुल के बाबा जयवीर सिंह का आरोप है कि इस घटना के बाद से आरोपी उससे रंजिश रखते थे और पहले भी उसे गोली मारने की धमकी दी गई थी। परिवार को आशंका है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते राहुल की हत्या की गई। माता-पिता का इकलौता बेटा राहुल अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत से परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का कहना है कि राहुल पर हमला जानबूझकर किया गया और वारदात के पीछे पुरानी दुश्मनी अहम वजह हो सकती है। आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस सीओ जसवंतनगर आयुषी सिंह के अनुसार, गांव में लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान युवक को गोली मारी गई, जिससे उसकी मौत हो गई। मामले में जसवंतनगर थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई है। घटना की जानकारी मिलने पर एसपी सिटी अभयनाथ त्रिपाठी और सीओ आयुषी सिंह जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली और पुलिस टीम को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही हत्या की वजह, पुरानी रंजिश और विवाद से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। ये भी पढ़ें: बीज और अनाज के नाम पर करोड़ों की ठगी का खेल, अंतरजनपदीय गैंग का सरगना समेत 4 गिरफ्तार