उत्तर प्रदेशनोएडा

जेवर एयरपोर्ट का बढ़ेगा दायरा! देश का सबसे बड़ा सिविल एविएशन हब भी होगा तैयार

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के तीसरे चरण में 2 नए रनवे और सिविल एविएशन हब बनाया जाएगा। इसके लिए 2,053 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण जारी है और 8 हजार किसानों को मुआवजा मिल चुका है।

Reported by India Headlines TV and edited by Tanvi Pandey

Jewar Airport: जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विस्तार अब अगले चरण में पहुंच गया है। तीसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके लिए जमीन खरीदी जा रही है। इस चरण में एयरपोर्ट पर दो नए रनवे बनाए जाएंगे। साथ ही यहां सिविल एविएशन से जुड़ी बड़ी इंडस्ट्री भी विकसित की जाएगी।

तेजी से हो रहा जमीन अधिग्रहण

जिला प्रशासन के मुताबिक, तीसरे चरण के लिए 2,053 हेक्टेयर जमीन ली जा रही है। यह जमीन करीब 12 हजार किसानों की है। अब तक 8 हजार किसानों को करीब 5,500 करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जा चुका है। बाकी किसानों को भी जल्द भुगतान किया जाएगा।

इन गांवों की जमीन शामिल

इस परियोजना के लिए कई गांवों की जमीन ली जा रही है। इनमें नीमका शाहजहांपुर, ख्वाजापुर, परोही, किशोरपुर, बनवारीबांस, जेवर बांगर, मुकीमपुर शिवारा, सबूता, अहमदपुर चावरोली, दयानतपुर, रोही, बांकापुर, थोरा और रामनेर शामिल हैं।

मुआवजे के बाद मिलेगा कब्जा

प्रशासन का कहना है कि जिन किसानों का मुआवजा बाकी है, उन्हें जल्द भुगतान किया जाएगा। इसके बाद जमीन का कब्जा लेकर सिविल एविएशन विभाग को सौंप दिया जाएगा। फिर तीसरे चरण का निर्माण आगे बढ़ेगा।

पहले दो चरण पूरे

अधिकारियों के अनुसार, एयरपोर्ट के पहले और दूसरे चरण के लिए जमीन पहले ही ली जा चुकी है। पहले चरण में 1,334 हेक्टेयर और दूसरे चरण में 1,365 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण हुआ था। इस पूरे प्रोजेक्ट में नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण भी जुड़े हुए हैं।

एविएशन इंडस्ट्री भी बनेगी

तीसरे चरण में सिर्फ रनवे ही नहीं बनेंगे। यहां विमानों की मरम्मत और रखरखाव के लिए सिविल एविएशन इंडस्ट्री भी बनाई जाएगी। यात्रियों और कार्गो सेवाओं के साथ एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस जैसी सुविधाएं भी यहां मिलेंगी। अधिकारियों का कहना है कि तैयार होने के बाद यह देश का सबसे बड़ा सिविल एविएशन हब होगा।

ये भी पढ़ें:  तेज रफ्तार ई-बस से टकराई यमुना प्राधिकरण के OSD की CAR, बाल-बाल बचे अधिकारी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »