Kanpur News: उत्तर प्रदेश के कानपुर में सराफा कारोबारी के घर से 75 लाख की 30 किलो चांदी चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने एमसीए पास और टेक्निकल कंप्यूटर असिस्टेंट सुधांशु अग्रवाल को गिरफ्तार कर नानाराव पार्क में अलग-अलग जगह छिपाकर रखी गई 24 किलो चांदी भी बरामद कर ली है। घटना वाले दिन आरोपी बैग के साथ सामान्य रूप से जाते एक कैमरे में कैद हुआ था। जब लौटा तो बैग पीछे टंगा था और कंधे झुके थे। यहीं से पुलिस को उसका सुराग लगा। लेकिन धुंधली फुटेज के कारण कोई स्पष्ट पहचान नहीं कर पा रहा था। हालांकि पुलिस की छानबीन देख उसने कोर्ट में वांछित रिपोर्ट अर्जी डाल दी। इसके डिटेल जब थाने आई तो पुलिस को नाम, पता मिल गया। जिसके बाद उसे सोमवार दोपहर को किला चौराहा से धरदबोचा। जानकारी के अनुसार, आरोपी ने 10 लाख रुपये का कर्ज चुकाने के लिए चोरी की थी। क्या है पूरा मामला ? यह पूरा घटना फीलखाना चटाई मोहाल का है। यहां रहने वाले किशोर सिंह की चौक सराफा में कल्याण भवन के सामने प्रियंका ज्वैलर्स नाम से दुकान है। 12 सितंबर की रात करीब 8:30 बजे वह दुकान से 30 किलो चांदी और 75 हजार रुपये नगद लेकर घर आए थे। चांदी और रुपये उन्होंने घर की अलमारी में रख दिए। 18 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे बेटे अभय ने अलमारी के पास रखी लकड़ी का पटरा हटाया तो उसकी नजर खुली अलमारी पर पड़ी। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि पुलिस ने सराफा कारोबारी के घर की गली में लगे चार कैमरों के फुटेज देखे। इस दौरान 16 सितंबर को बैग लेकर जाता एक युवक दिखा। पहले सीसीटीवी में बैग सामान्य दिखा, जबकि वापसी में उसके कंधे बैग के भार से झुके थे। जिसके बाद पुलिस ने शुक्लागंज, फीलखाना और कलक्टरगंज में पूछताछ की। इसकी भनक लगने पर उसने कोर्ट में अर्जी डाली जो पुलिस के पास आ गई। इसकी मदद से पुलिस को उसकी जानकारी मिल गई और गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी सुधांशु अग्रवाल से चांदी के बारे में पूछताछ की गई। तो वह पुलिस को नानाराव पार्क ले गया और अलग-अलग चार जगहों पर मिट्टी में दबाकर रखी चांदी की सिल्लिया बरामद कराईं। चोरी किए गए 75 हजार रुपयों के बारे में बताया कि वह खर्च कर दिए। टेक्निकल कंप्यूटर असिस्टेंट है आरोपी एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय ने बताया कि सुधांशु अग्रवाल पीड़ित किशोर सिंह के घर से करीब 500 मीटर दूर रहता है। जुआं और सट्टा खेलने के चलते उस पर 10 लाख का कर्ज हो गया था। इसी कर्ज को चुकाने के लिए वह पहली बार चोरी करने निकला। अभी तक उसका कोई अपराधिक इतिहास नहीं मिला है। किशोर सिंह के घर के दरवाजे और अंदर अलमारी वाला दरवाजा खुला रहता है। इसी का उसने फायदा उठाया और अलमारी के ऊपर रखी चाबी से ताला खोलकर चोरी की। एसीपी ने बताया कि सुधांशु एमसीए पास है और कल्याणपुर की एक कंपनी में टेक्निकल कंप्यूटर असिस्टेंट है। कर्ज चुकाने के लिए की चोरी पुलिस की कार्रवाई के बाद सर्राफ किशोर सिंह ने कहा कि चांदी बरामद हो गई है। उसे पुलिस ने सील कर दिया है, हालांकि अभी तक रुपयों की बरामदगी नहीं हो सकी है। उधर, ज्वैलर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकुल वर्मा ने बताया कि पूरा सामान बरामद हुआ है। उन्होंने डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता और उनकी टीम की सराहना के साथ ही संस्था द्वारा सम्मानित करने की बात कही है। सट्टे की लत ने बनाया कर्जदार फीलखाना थानाध्यक्ष रीना सिंह ने बताया कि कुछ समय पहले सुधांशु की नौकरी छूट गई थी। उसे जुए और सट्टे की लत गई। इसी चक्कर में उस पर 10 लाख का कर्ज हो गया। इसी कर्ज को उतारने के लिए उसने सराफ के घर रेकी के बाद चोरी की। कोर्ट में अर्जी देकर पूछा वारंट तो नहीं आई सुधांशू ने जब देखा कि चोरी के बाद मोहल्ले में पुलिस की आवाजाही बढ़ गई है तो उसे लगा कि किसी ने उसे पार्क में चांदी दबाते हुए देख लिया। इस पर उसने पांच दिन पहले कोर्ट में अर्जी देकर पूछा कि उसके खिलाफ कोई वारंट तो नहीं है। कोर्ट ने जब प्रार्थना पत्र फीलखाना थाना भेजा तो पुलिस का शक गहरा हो गया। पूरे परिवार को ले गया घुमाने पुलिस की तेजी देख सुधांशु इस कदर घबरा गया कि अपने परिजन को चोरी की बात बता दी। परिजन ने उसे जमकर फटकार लगाई। इसके बाद पकड़े जाने के डर से सुधांशु सभी को लेकर पहले रायबरेली फिर अयोध्या घुमाने ले गया। उसने सोचा जब मामला ठंडा होगा तो वह लौट आएगा। उसके लौटते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। ये भी पढ़ें: ‘नगीना सांसद भाजपा के इशारे पर’…..पिछले चुनाव में चंद्रशेखर की जीत पर मायावती ने कसा तंज