UP Politics 2027: यूपी की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले बयानबाजी तेज होती जा रही है। अब बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद पर सीधे निशाना साधा है। मायावती ने चंद्रशेखर आजाद के राजनीतिक जनाधार पर सवाल उठाते हुए 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। मायावती का दावा है कि चंद्रशेखर आजाद का अपना कोई जनाधार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने नगीना सीट पर EVM में गड़बड़ी कराकर चंद्रशेखर आजाद को चुनाव जितवाया था। मायावती ने आरोप लगाया कि नगीना सांसद भाजपा के इशारे पर काम करते हैं। आंदोलन की राजनीति पर उठाए सवाल मायावती ने चंद्रशेखर आजाद की आंदोलन की राजनीति पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि नगीना सांसद पीड़ितों को न्याय दिलाने के बजाय धरना-प्रदर्शन करवाते हैं। इससे युवाओं पर मुकदमे दर्ज हो जाते हैं। मायावती ने खास तौर पर दलित समाज के लोगों से चंद्रशेखर आजाद के बहकावे में नहीं आने की अपील की है। मायावती ने चंद्रशेखर पर लगाए आरोप मायावती का चंद्रशेखर आजाद पर सीधे हमला करना यूपी की राजनीति में दलित वोटों के बीच दोनों नेताओं की अलग-अलग राजनीतिक दावेदारी को सामने लाता है। चंद्रशेखर आजाद 2024 में नगीना से लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। हाल के दिनों में वह सपा और कांग्रेस समेत विपक्षी गठबंधन की राजनीति पर भी अपनी राय रखते रहे हैं। मायावती ने अब पहली बार चंद्रशेखर आजाद को लेकर इतने सीधे आरोप लगाए हैं। उनके आरोपों में नगीना चुनाव, EVM और चंद्रशेखर की आंदोलन की राजनीति तीनों मुद्दे शामिल हैं। ये भी पढ़ें: ‘गिरगिटों से सावधान होने की जरूरत’…..सीएम योगी ने बिना नाम लिए कसा तंज