Noida Police Action: नोएडा थाना सेक्टर-39 पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से करीब 10 लाख रुपये कीमत की 12 चोरी की मोटरसाइकिलें, वारदात में इस्तेमाल वैगनआर कार और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह का नेटवर्क नोएडा-NCR के साथ दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ तक फैला था। चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को तड़के करीब 2:33 बजे गोदरेज बिल्डिंग के पीछे स्टेलर ग्रीन पार्क रोड से चारों आरोपियों को पकड़ा गया। आरोपियों की पहचान रवि प्रताप (26), विमल शाक्य उर्फ सूर्या (23), प्रशांत सिंह (21) और दीपांशु (23) के रूप में हुई है। सभी मूल रूप से मैनपुरी जिले के रहने वाले हैं और फिलहाल नोएडा के अलग-अलग इलाकों में रह रहे थे। रेकी कर चुराते थे बाइक पूछताछ में पुलिस को पता चला कि आरोपी वैगनआर कार से अलग-अलग शहरों में घूमकर सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही बाइक चोरी कर उसे किसी सुरक्षित स्थान पर छिपा देते थे। बाद में मजबूरी का बहाना बनाकर चोरी की बाइक कम कीमत में बेच देते थे। पुलिस के मुताबिक, पकड़े जाने पर लोगों को डराने के लिए आरोपी अपने पास चाकू भी रखते थे। 12 चोरी की बाइक बरामद पुलिस ने बरामद 12 मोटरसाइकिलों में TVS, Splendor और Apache समेत कई मॉडल शामिल बताए हैं। इनमें दिल्ली के लोधी नगर, अशोक नगर और बदरपुर, चंडीगढ़ सेक्टर-36, गुरुग्राम सेक्टर-65 और नोएडा सेक्टर-39 से चोरी हुई बाइक शामिल हैं। बरामद वाहनों पर UP, DL, CH और HR सीरीज के रजिस्ट्रेशन नंबर मिले हैं। पुलिस ने दी जानकारी नोएडा ADCP मनीषा सिंह के अनुसार, चारों आरोपियों के खिलाफ पहले से छह-छह मुकदमे दर्ज हैं। ये मामले दिल्ली, चंडीगढ़, गुरुग्राम और नोएडा के विभिन्न थानों में वाहन चोरी से जुड़े हैं। इस मामले में थाना सेक्टर-39 में BNS की संबंधित धाराओं और आयुध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त के नेटवर्क की भी जांच कर रही है। ये भी पढ़ें: