Parliament Street Police Station: जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान पेलेट गन चलाए जाने के आरोप ने एक बार फिर सियासी तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को मामले में FIR दर्ज कराने की मांग को लेकर दिल्ली पुलिस के अधिकारियों से मिलने पहुंचे। मांग पूरी न होने पर वह पुलिस स्टेशन के बाहर धरने पर बैठ गए। बाद में प्रियंका गांधी भी उनके साथ धरने में शामिल हो गईं। पीड़ित छात्र संग पहुंचे राहुल राहुल गांधी अपने साथ पेलेट गन से घायल होने का दावा करने वाले छात्र साहिल और उसकी मां को भी लेकर पहुंचे। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर पेलेट गन का इस्तेमाल किया गया और इस मामले में जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ FIR दर्ज कर निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। राहुल गांधी पहले मंदिर मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचे, जहां उन्होंने मामला दर्ज करने का अनुरोध किया। इसके बाद वह डीसीपी सेंट्रल कार्यालय पहुंचे। यहां नई दिल्ली की ज्वाइंट कमिश्नर नूपुर प्रसाद और डीसीपी सचिन शर्मा समेत पुलिस अधिकारियों ने उनसे बातचीत की। FIR पर अड़े राहुल गांधी पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई को प्रदर्शन से संबंधित दर्ज मामलों की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है। पुलिस ने राहुल गांधी को बताया कि शिकायत प्राप्त कर ली गई है और उसे संबंधित जांच अधिकारी को भेजा जाएगा। शिकायतकर्ता को जांच अधिकारी की जानकारी भी दी गई है। इस दौरान राहुल गांधी ने स्पष्ट किया कि जब तक मामले में औपचारिक FIR दर्ज नहीं होती, वह अपनी मांग पर कायम रहेंगे। उनका कहना है कि कथित पेलेट फायरिंग की जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। पेलेट गन पर आमने-सामने दावे दरअसल, 20 जुलाई को संसद घेराव के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तनाव की स्थिति बनी थी। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान छात्रों पर पेलेट गन चलाई गई। राहुल गांधी बाद में घायल छात्र साहिल को मीडिया के सामने भी लेकर आए थे। हालांकि, दिल्ली पुलिस पेलेट गन के इस्तेमाल के आरोप से लगातार इनकार करती रही है। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान पेलेट गन का इस्तेमाल नहीं किया गया। ऐसे में अब विवाद का केंद्र यही है कि शिकायत पर आगे क्या कार्रवाई होती है और जांच में आरोपों की सच्चाई क्या सामने आती है। ये भी पढ़ें: जयपुर के सरकारी स्कूल के निरीक्षण पर बवाल, CJP कार्यकर्ताओं से धक्का-मुक्की का आरोप