SP Spokesperson Meeting: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को पार्टी के प्रवक्ताओं के साथ करीब दो घंटे तक बैठक की। बैठक में राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव राय और राजकुमार भाटी समेत पार्टी के प्रवक्ता मौजूद रहे। चर्चा के दौरान आगामी चुनावी दौर में पार्टी की मीडिया रणनीति और सार्वजनिक बयानों को लेकर कई निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया को लेकर किया सावधान अखिलेश यादव ने प्रवक्ताओं से कहा कि मौजूदा दौर में सोशल मीडिया पर किसी बयान का छोटा हिस्सा भी तेजी से वायरल हो सकता है। उन्होंने कहा कि महज 10 सेकंड की रील पार्टी की छवि बनाने या बिगाड़ने का कारण बन सकती है। इसलिए टीवी डिबेट और सार्वजनिक मंचों पर बोलते समय सावधानी जरूरी है। उन्होंने प्रवक्ताओं को सलाह दी कि किसी भी मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से बोलने से पहले उससे जुड़ी पूरी जानकारी जुटाई जाए। बिना तैयारी के डिबेट में शामिल होने से बचने और तथ्यों के साथ पार्टी का पक्ष रखने पर उन्होंने जोर दिया। संवेदनशील मुद्दों पर संयम की सलाह बैठक में धर्म और जाति जैसे संवेदनशील विषयों पर बयान देते समय विशेष सावधानी बरतने की बात कही गई। अखिलेश ने कहा कि हर मुद्दे पर प्रतिक्रिया देना जरूरी नहीं है और कई मौकों पर चुप रहना भी एक संदेश देता है। PDA अभियान का भी जिक्र यह बैठक ऐसे समय हुई है जब सपा उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां बढ़ा रही है। अखिलेश यादव हाल में रायबरेली से PDA रथयात्रा की शुरुआत कर चुके हैं और पार्टी के जनसंपर्क अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। रायबरेली में अपने संबोधन के दौरान अखिलेश ने PDA को चुनावी मुद्दे के तौर पर आगे रखने की बात कही थी। उन्होंने बीजेपी पर नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाते हुए सपा की राजनीति को सकारात्मक बताया था। बैठक में दिए गए निर्देशों से साफ है कि पार्टी आगामी चुनावी दौर में प्रवक्ताओं के बयानों, मीडिया डिबेट और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली सामग्री को लेकर अधिक सतर्कता बरतना चाहती है। ये भी पढ़ें: डिंपल यादव का बड़ा बयान! वोटर लिस्ट में हुई धांधली और वोट हटाए जा रहे; चुनाव आयोग जिम्मेदार