उत्तर प्रदेश

आधी रात घर में मचा खूनी खेल, पत्नी और बेटी को उतारा मौत के घाट, दूसरी बेटी पर भी किया हमला

गाजियाबाद के खोड़ा में पारिवारिक विवाद के चलते पति पर पत्नी और 15 वर्षीय बेटी की हत्या का आरोप है। छोटी बेटी भी हमले में घायल हुई, आरोपी हिरासत में है।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

UP Crime: गाजियाबाद के खोड़ा के लोकप्रिय विहार में बीती रात एक घर में हुए खूनी खेल ने पूरे इलाके को दहला दिया। गली नंबर तीन में रहने वाले राजा अंसारी पर आरोप है कि उसने धारदार छुरी से हमला कर अपनी पत्नी तबस्सुम और 15 वर्षीय बेटी सना की हत्या कर दी। मां और बड़ी बहन को बचाने के लिए आगे आई 14 वर्षीय छोटी बेटी रूबी पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। घायल किशोरी किसी तरह जान बचाकर मौके से बाहर निकली और घटना की जानकारी पुलिस तक पहुंची।

खून से सना कमरा

पुलिस के अनुसार रात करीब 12:15 बजे पुलिस को सूचना मिली तो खोड़ा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। चौथी मंजिल पर बने कमरे का मंजर देखकर पुलिस भी सन्न रह गई। कमरे में खून बिखरा था और मां-बेटी के शव लहूलुहान हालत में पड़े थे। शुरुआती जांच में धारदार हथियार से कई वार किए जाने की बात सामने आई है।

मां को बचाने बेटियां कूदीं

बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले अपनी पत्नी पर हमला किया। मां को बचाने के लिए दोनों बेटियां बीच में आईं तो उन पर भी हमला कर दिया गया। हमले में 15 वर्षीय सना की मौत हो गई, जबकि 14 वर्षीय रूबी गंभीर रूप से घायल हो गई। रूबी को तत्काल एमएमजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है।

पारिवारिक विवाद में खूनी वार

घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने आरोपी राजा अंसारी को घटनास्थल से ही हिरासत में ले लिया। मूल रूप से अररिया, बिहार का रहने वाला राजा दिल्ली के गाजीपुर स्थित मछली मंडी में मुनीम का काम करता है और परिवार के साथ लोकप्रिय विहार में रह रहा था। प्रारंभिक जांच में पति-पत्नी के बीच पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है।

वारदात की गुत्थी सुलझाएगी जांच

हालांकि विवाद की असली वजह क्या थी और वारदात से पहले घर में क्या हुआ, इसका पूरा खुलासा पुलिस की जांच और आरोपी से पूछताछ के बाद ही होगा। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई शुरू कर दी है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। सहायक पुलिस आयुक्त इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि मामले में आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच कर रही है और मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें: 400 किलो नकली पनीर का खेल बेनकाब, खाद्य विभाग ने कराया नष्ट

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »