Rinku-Priya Saroj Wedding: भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज की शादी की तारीख और स्थान तय हो गया है। खेल और राजनीति के इस हाई प्रोफाइल गठबंधन का लंबे समय से प्रशंसकों और समर्थकों को इंतजार था। रिंकू और प्रिया सरोज लखनऊ में 4 दिसंबर को सात फेरे लेंगे। इससे पहले दोनों की सगाई भी लखनऊ में ही हुई थी। शादी की तारीख सामने आने के बाद दोनों परिवारों में तैयारियां तेज हो गई हैं। लंबे समय से इस चर्चित जोड़ी की शादी को लेकर चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है। प्रिया सरोज के संसदीय क्षेत्र मछली शहर में वाराणसी जिले का पिंडरा विधानसभा क्षेत्र भी आता है। जून 2025 में हुई थी सगाई रिंकू सिंह और प्रिया सरोज ने 8 जून 2025 को लखनऊ में सगाई की थी। इस समारोह में क्रिकेट और राजनीति से जुड़े कई चर्चित चेहरे शामिल हुए थे। सगाई के बाद से ही दोनों की शादी की तारीख को लेकर लगातार चर्चा होती रही। पहले नवंबर 2025 में वाराणसी के एक होटल में शादी होने की खबर सामने आई थी, लेकिन निर्धारित समय पर विवाह नहीं हो सका। अब करीब एक साल बाद नई तारीख सामने आई है। 4 दिसंबर 2026 को होगी शादी बताया जा रहा है कि रिंकू और प्रिया की शादी का मुख्य कार्यक्रम लखनऊ के रमाडा होटल में आयोजित किया जाएगा। 4 दिसंबर 2026 को दोनों विवाह की रस्मों के साथ अपने नए जीवन की शुरुआत करेंगे। शादी को लेकर परिवार की ओर से तैयारियां शुरू किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि समारोह में कौन-कौन शामिल होगा और अन्य कार्यक्रमों का पूरा शेड्यूल अभी सामने नहीं आया है। लखनऊ के होटल रमाडा में होगी शादी प्रिया के पिता जौनपुर के केराकत से विधायक और पूर्व सांसद तूफानी सरोज ने बताया कि दोनों परिवारों की सहमति से तारीख और स्थल तय कर लिया गया है। लखनऊ के रमाडा होटल में चार दिसंबर को भव्य आयोजन होगा। इसकी तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। बनारस में करखियांव (कठेरवा) स्थित प्रिया के गांव में बने घर को सजाया संवारा जा रहा है।दोनों की सगाई भी लखनऊ के ही द सेंट्रम होटल में हुई थी। बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों में शादी की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं। वीवीआईपी वेडिंग में क्रिकेट और राजनीति से जुड़े दिग्गजों के जमावड़े की उम्मीद है। प्रिया सरोज समाजवादी पार्टी की सांसद हैं तो उसके सभी सांसदों-विधायकों के रहने की तो पहले से ही उम्मीद है। रिंकू सिंह जिस कोलकाता राइडर के साथ खेलते हैं उस टीम के मेंबर के अलावा भारतीय टीम के भी तमाम खिलाड़ियों को न्योता देने की उम्मीद है। यूपी के ही अलीगढ़ के हैं रिंकू सिंह क्रिकेटर रिंकू सिंह और प्रिया सरोज दोनों की यूपी के रहने वाले हैं। रिंकू सिंह अलीगढ़ के एक मध्यम परिवार से आते हैं। अपनी कड़ी मेहनत प्रतिभा के बल पर रिंकू सिंह ने भारतीय क्रिकेट टीम में जगह पक्की की और पूरी दुनिया में अपना लोहा मनवाया है। उनकी गिनती शानदार फिनिशर के रूप में होती है। आईपीएल में हाथ से निकलते मैच में कोलाकाता नाईट राइडर के लिए एक ओवर में पांच लगातार छक्के मारकर रिंकू सिंह ने इतिहास रचा था। वहीं, प्रिया सरोज जौनपुर की केराकत सीट से तीन बार विधायक और मछली शहर से सांसद रहे तूफानी सरोज की बेटी हैं। पिछले लोकसभा चुनाव में सपा ने प्रिया को मछली शहर से टिकट दिया और वह जीत हासिल कर सबसे कम उम्र की सांसदों में शामिल हो गईं। ये भी पढ़ें: शादी का झांसा देकर यौन शोषण? मोहम्मद शमी के भाई कैफ पर रेप का आरोप