उत्तर प्रदेशखेललखनऊ

शादी का झांसा देकर यौन शोषण? मोहम्मद शमी के भाई कैफ पर रेप का आरोप

लखनऊ में रणजी खिलाड़ी मोहम्मद कैफ पर तलाकशुदा महिला ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगाया। पुलिस ने कैफ और भाई हसीब के खिलाफ केस दर्ज किया है।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Lucknow Crime: भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद शमी के भाई और रणजी खिलाड़ी मोहम्मद कैफ पर एक तलाकशुदा महिला ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर लखनऊ के आशियाना थाने में कैफ और उसके भाई हसीब के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Instagram से शुरू हुई थी पहचान

महिला के मुताबिक, उसकी मुलाकात वर्ष 2020 में Instagram के जरिए मोहम्मद कैफ से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच दोस्ती हो गई। आरोप है कि कैफ ने महिला से शादी करने का भरोसा दिया, जिसके बाद वह उसके संपर्क में रही। शिकायत में महिला ने दावा किया है कि कैफ ने शादी का वादा कर उसे दिल्ली, कोलकाता, गाजियाबाद और लखनऊ समेत अलग-अलग जगहों पर बुलाया और कई बार उसका यौन शोषण किया। लखनऊ के विभूतिखंड क्षेत्र स्थित एक होटल में भी ऐसी घटना होने का आरोप लगाया गया है।

नौकरी छोड़ने का भी आरोप

महिला का कहना है कि वह दिल्ली की एक एयरलाइंस में केबिन क्रू के रूप में काम करती थी। आरोप है कि कैफ के कहने पर उसने नौकरी छोड़ दी, क्योंकि उसे भरोसा था कि दोनों जल्द शादी करेंगे। महिला के अनुसार, कैफ ने बाद में शादी की तारीख को लगातार टालना शुरू कर दिया। शिकायत में दावा किया गया है कि कैफ ने दिसंबर 2025 में IPL ऑक्शन के बाद शादी करने की बात कही थी। ऑक्शन बीतने के बाद भी शादी नहीं हुई। विरोध करने पर महिला ने कैफ और उसके परिजनों पर धमकी देने का आरोप लगाया है।

पॉडकास्ट हटवाने के बाद फिर बदला रुख?

महिला के मुताबिक, उसने अपनी आपबीती एक पॉडकास्ट में साझा की थी। आरोप है कि कैफ ने बाद में उससे संपर्क कर पॉडकास्ट से बयान हटाने का दबाव बनाया और ऐसा होने पर शादी करने का भरोसा दिया। महिला का दावा है कि बयान हटने के बाद भी कैफ अपने वादे से पीछे हट गया।

शिकायत के बाद दर्ज हुआ केस

महिला ने 31 अगस्त को आशियाना थाने में शिकायत देने का दावा किया था। उसका आरोप है कि शुरुआत में पुलिस ने घटनास्थल दूसरे शहरों और राज्यों में होने की बात कहकर मुकदमा दर्ज नहीं किया। इसके बाद उसने पुलिस के उच्चाधिकारियों से शिकायत की। इंस्पेक्टर गजेंद्र राय के मुताबिक, उच्चाधिकारियों के निर्देश पर कैफ और हसीब के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें: भतीजों की सियासत पर लगा ब्रेक… मायावती का बड़ा फैसला,अब कौन संभालेगा BSP की कमान?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »