Gorakhpur Murder Case: गोरखपुर के बांसगांव में 17 सितंबर को हुई शिवम मिश्रा की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के मुताबिक, पत्नी से अवैध संबंध होने के शक में संतोष मिश्रा ने अपने चचेरे भाई शुभम के सिर पर लोहे के बांके से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी संतोष मिश्रा निवासी जयन्तीपुर को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लोहे का बांका, घटना के समय पहनी गई रक्तरंजित बनियान और मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पत्नी से थीं अवैध संबंध पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि शुभम उसकी पत्नी से बातचीत करता था और उससे मिलता-जुलता था। इसी वजह से उसे शक था कि पत्नी और शुभम के बीच अवैध संबंध हैं। पुलिस के अनुसार इसी शक में संतोष ने 17 सितंबर को शुभम के सिर पर लोहे के बांके से हमला कर उसकी हत्या कर दी। 50 CCTV, 300 मोबाइल नंबर खंगाले पुलिस के अनुसार, 17 सितंबर को मृतक के चचेरे भाई ने थाने में तहरीर देकर अज्ञात व्यक्ति पर धारदार हथियार से हत्या करने का आरोप लगाया था। तहरीर के आधार पर बांसगांव थाने में धारा 103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। घटना के खुलासे के लिए पुलिस की आठ टीमें गठित की गई थीं। जांच के दौरान टीमों ने 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा करीब 300 मोबाइल नंबरों के कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) का विश्लेषण किया गया। पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस की भी मदद ली। आठ टीमों का हुआ था गठन हत्या के खुलासे के लिए बांसगांव पुलिस के साथ एसओजी, एंटी थेफ्ट, स्वॉट और सर्विलांस टीम को लगाया गया था। कार्रवाई की निगरानी एसपी दक्षिणी, सीओ बांसगांव, सीओ खजनी और सहायक पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार यश ने की। पुलिस टीम में बांसगांव थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। हत्या में इस्तेमाल बांका बरामद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त बांका बरामद किया। इसके साथ ही घटना के समय आरोपी द्वारा पहनी गई रक्तरंजित बनियान और उसका मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। ये भी पढ़ें: बहराइच में साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार