खेल

कबड्डी में भारत का डबल धमाल, पहले महिला टीम फिर पुरुषों ने जीता गोल्ड

एशियन गेम्स 2026 में भारत ने कबड्डी में डबल गोल्ड जीता। महिला टीम के बाद पुरुषों ने फाइनल में ईरान को 40-34 से हराकर 9वीं बार स्वर्ण पदक जीता।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारत ने कबड्डी के मैदान पर शानदार प्रदर्शन करते हुए डबल गोल्ड अपने नाम कर लिया। शनिवार, 26 सितंबर को महिला टीम की स्वर्णिम जीत के बाद भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने भी फाइनल में ईरान को हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया। आइची-नागोया एशियन गेम्स में खेले गए पुरुष कबड्डी फाइनल में भारत और ईरान के बीच मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। शुरुआत में भारतीय टीम ने बढ़त बनाई, लेकिन ईरान ने जोरदार वापसी करते हुए पहले हाफ के अंत तक 18-17 की बढ़त हासिल कर ली। दूसरे हाफ की शुरुआत में भी ईरान ने अपनी बढ़त तीन अंकों तक पहुंचा दी।

दूसरे हाफ में पलटा पूरा खेल

मैच का रुख इसके बाद तेजी से बदला। भारतीय खिलाड़ियों ने डिफेंस और रेडिंग दोनों में शानदार प्रदर्शन करते हुए ईरान पर दबाव बनाना शुरू किया। जयदीप और सुमित के मजबूत टैकल और अर्जुन की प्रभावी रेड ने भारत को लगातार अंक दिलाए। भारतीय टीम ने दूसरे हाफ में ईरान की गलतियों का भी फायदा उठाया। जहां ईरान ने इस हाफ में 16 अंक हासिल किए, वहीं भारत ने 23 अंक बटोरते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। अंतिम स्कोर भारत 40-34 ईरान रहा।

महिलाओं ने भी रचा इतिहास

भारत की महिला कबड्डी टीम ने भी शनिवार सुबह फाइनल में ईरान को हराकर गोल्ड जीता था। इस तरह एशियन गेम्स के एक ही दिन भारत ने कबड्डी में महिला और पुरुष दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक हासिल किए।

भारत का 9वां पुरुष कबड्डी गोल्ड

पुरुष कबड्डी में यह भारत का 9वां एशियन गेम्स गोल्ड मेडल है। इस स्पर्धा को अब तक 10 बार खेला गया है और भारत नौ बार फाइनल तक पहुंचा है। हर बार भारतीय टीम ने फाइनल जीतकर स्वर्ण पदक हासिल किया। भारत को सिर्फ 2018 एशियन गेम्स में झटका लगा था, जब सेमीफाइनल में ईरान ने उसे हराया था और बाद में खुद गोल्ड मेडल जीता था। इसके बाद भारत ने लगातार दो एशियन गेम्स में ईरान को हराकर खिताब अपने नाम किया है।

ये भी पढ़ें: सांसें रोक देने वाला फाइनल, ईरान को हराकर भारत की महिला कबड्डी टीम ने जीता गोल्ड

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »