उत्तर प्रदेशनोएडा

ट्रेड शो में UP पुलिस का हाईटेक अंदाज, ‘स्मार्ट पुलिस प्रोग्रेसिव यूपी’ स्टॉल में दिखी सुरक्षा की नई तस्वीर

ग्रेटर नोएडा ट्रेड शो में यूपी पुलिस का ‘स्मार्ट पुलिस प्रोग्रेसिव यूपी’ स्टॉल आकर्षण का केंद्र बना। STF, ATS, साइबर सेल, मिशन शक्ति और डिजिटल सेवाओं की जानकारी दी जा रही है।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

UP International Trade Show 2026: एक्सपो मार्ट में चल रहे UP International Trade Show-2026 में इस बार यूपी पुलिस का स्टॉल भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। 25 से 29 सितंबर तक आयोजित ट्रेड शो में पुलिस विभाग ने अपनी तकनीक, नागरिक सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कामों को एक ही जगह प्रदर्शित किया है।

स्मार्ट पुलिस की नई तस्वीर

पुलिस स्टॉल की थीम ‘स्मार्ट पुलिस प्रोग्रेसिव यूपी’ रखी गई है। स्टॉल का आयोजन DGP राजीव कृष्ण के निर्देशन और पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के पर्यवेक्षण में किया गया है। यहां मौजूद पुलिसकर्मी आगंतुकों को पुलिस की आधुनिक कार्यप्रणाली, नए कानूनों और उपलब्ध सुरक्षा सेवाओं के बारे में जानकारी दे रहे हैं।

एक स्टॉल पर पुलिस की कई यूनिट

पुलिस स्टॉल में यूपी पुलिस की अलग-अलग विशेषज्ञ इकाइयों को जगह दी गई है। यहां STF, ATS, UP-112, ट्रैफिक पुलिस, महिला हेल्पलाइन 1090, साइबर सेल, FSL, SDRF, GRP और फायर विभाग की सेवाओं और कार्यप्रणाली को प्रदर्शित किया जा रहा है। ट्रेड शो शुरू होने के बाद से ही बड़ी संख्या में नागरिक, कारोबारी, युवा और अन्य आगंतुक स्टॉल पर पहुंच रहे हैं। खासतौर पर ATS और STF की ओर से प्रदर्शित आधुनिक हथियारों और तकनीकी उपकरणों को लेकर युवाओं में उत्सुकता देखने को मिल रही है।

नागरिक सेवाओं की भी जानकारी

स्टॉल पर केवल पुलिस की कार्रवाई और तकनीकी क्षमता ही नहीं, बल्कि आम लोगों के लिए उपलब्ध डिजिटल सेवाओं की जानकारी भी दी जा रही है। तकनीकी सेवा से जुड़े काउंटर पर चरित्र सत्यापन, ऑनलाइन शिकायत और UP-COP ऐप जैसी सुविधाओं के बारे में बताया जा रहा है। पुलिसकर्मी लोगों को यह भी समझा रहे हैं कि डिजिटल माध्यम से पुलिस सेवाओं का इस्तेमाल किस तरह किया जा सकता है और शिकायत या सत्यापन जैसी प्रक्रियाओं को ऑनलाइन कैसे पूरा किया जा सकता है।

साइबर फ्रॉड से बचने के तरीके

साइबर सेल के स्टॉल पर डिजिटल अपराधों को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यहां लोगों को डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग, सेक्सटॉर्शन और फर्जी लोन ऐप जैसे साइबर फ्रॉड के तरीकों और उनसे बचाव की जानकारी दी जा रही है। पुलिस की ओर से लोगों को संदिग्ध लिंक, कॉल और ऑनलाइन ऑफर को लेकर सावधान रहने तथा किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ संवेदनशील जानकारी साझा नहीं करने के बारे में जागरूक किया जा रहा है।

महिला सुरक्षा पर भी खास फोकस

मिशन शक्ति 5.0 के तहत लगाए गए हिस्से में महिलाओं और छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। यहां बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और शुभ मंगल योजना जैसी पहलों के बारे में भी बताया जा रहा है। छोटे बच्चों के लिए गुड टच और बैड टच को लेकर जागरूकता कार्यक्रम भी रखा गया है, ताकि उन्हें सुरक्षित और असुरक्षित व्यवहार के बीच अंतर समझाया जा सके।

वरिष्ठ अधिकारियों ने भी किया दौरा

ट्रेड शो के दौरान प्रदेश के मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों ने भी पुलिस स्टॉल का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस की तकनीकी क्षमताओं, नागरिक सेवाओं और विभिन्न सुरक्षा इकाइयों की ओर से प्रदर्शित कार्यप्रणाली की जानकारी ली। कुल मिलाकर, ट्रेड शो में लगा यह स्टॉल यूपी पुलिस की पारंपरिक पुलिसिंग के साथ तकनीक, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और डिजिटल नागरिक सेवाओं के बढ़ते इस्तेमाल की तस्वीर पेश कर रहा है।

ये भी पढ़ें: नोएडा ट्रेड शो में शाह-योगी साथ, निवेश से लेकर माफिया राज तक क्या बोले?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »