उत्तर प्रदेशनोएडा

नोएडा एलिवेटेड रोड पर फिर धंसी सड़क, आखिर मरम्मत के बाद भी क्यों नहीं थम रहे गड्ढे?

नोएडा एलिवेटेड रोड पर एक हफ्ते में दूसरी बार गड्ढा हुआ। सेक्टर-62 से सेक्टर-18 लेन बंद, अब IIT रुड़की और ब्रिज कॉरपोरेशन करेंगे तकनीकी जांच।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Noida Elevated Road: नोएडा की एलिवेटेड रोड पर एक बार फिर गड्ढा होने से सड़क की गुणवत्ता और मरम्मत पर सवाल उठने लगे हैं। सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर के पास एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार सड़क की ऊपरी परत टूट गई। हालात को देखते हुए नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-62 से सेक्टर-18 जाने वाले लेन को बंद कर दिया है। अब IIT रुड़की और ब्रिज कॉरपोरेशन के इंजीनियर तकनीकी जांच कर इसकी वजह तलाशेंगे।

एक ही जगह बार-बार धंस रही सड़क

सेक्टर-27 से सेक्टर-60 तक करीब 4.8 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड रोड पर सेक्टर-33 के सामने यह गड्ढा हुआ है। रविवार को इसी स्थान पर सड़क की ऊपरी बिटुमिन परत धंस गई थी। प्राधिकरण ने मरम्मत कराकर यातायात दोबारा शुरू करा दिया था, लेकिन मंगलवार को उसी जगह फिर गड्ढा बन गया। इस बार सड़क की ऊपरी परत टूटने के साथ नीचे का सरिया भी दिखाई देने लगा। इससे सड़क की मरम्मत के तरीके और अंदरूनी संरचना की मजबूती को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

सेक्टर-62 से सेक्टर-18 जाने वाला रास्ता बंद

गड्ढे के आसपास बैरिकेडिंग कर दी गई है। मरम्मत कार्य के चलते सेक्टर-62 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाला लेन बंद है। हालांकि, सेक्टर-18 से सेक्टर-62 जाने वाले मार्ग पर यातायात सामान्य रूप से चल रहा है। इस एलिवेटेड रोड का इस्तेमाल दिल्ली, गाजियाबाद, 7X सोसाइटी और ग्रेटर नोएडा वेस्ट की ओर आने-जाने वाले हजारों वाहन चालक करते हैं। ऐसे में एक लेन बंद होने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

IIT रुड़की की जांच से खुलेगा राज

प्राधिकरण के इंजीनियरों के मुताबिक, गड्ढा करीब आधा वर्ग मीटर क्षेत्र में हुआ है। फिलहाल इसकी असली वजह स्पष्ट नहीं है। आशंका है कि सड़क की ऊपरी परत के नीचे मौजूद रोड़ी-गिट्टी या अन्य हिस्सों में खराबी के कारण सतह धंस रही है। अब IIT रुड़की और ब्रिज कॉरपोरेशन के इंजीनियर सड़क की परतों, कंक्रीट और नीचे मौजूद स्टील स्ट्रक्चर की जांच करेंगे। इससे पता चलेगा कि समस्या केवल ऊपरी सतह तक सीमित है या एलिवेटेड रोड के मुख्य ढांचे पर भी असर पड़ा है।

480 करोड़ की सड़क पर पहले भी उठे सवाल

करीब 480 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस एलिवेटेड रोड को वर्ष 2017 में आम लोगों के लिए खोला गया था। पिछले महीने भी सेक्टर-18 की ओर उतरते समय सड़क धंसने की घटना सामने आई थी। अब मरम्मत के कुछ ही दिन बाद दोबारा गड्ढा होने से रखरखाव पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जांच रिपोर्ट से ही स्पष्ट होगा कि बार-बार सड़क धंसने की वजह निर्माण संबंधी खामी है, परतों में खराबी या कोई दूसरी तकनीकी समस्या। फिलहाल प्राधिकरण दोबारा मरम्मत की तैयारी कर रहा है।

ये भी पढ़ें: गांव के रास्ते पर कब्जे का आरोप, कैंडल मार्च निकालकर ग्रामीणों ने CM योगी से लगाई गुहार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »