ICC Women's World Cup: अंडर-19 महिला टी20 वर्ल्ड कप 2027 को लेकर क्रिकेट फैंस का इंतजार खत्म हो गया है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने टूर्नामेंट का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। अगले साल 21 जनवरी से 6 फरवरी तक बांग्लादेश और नेपाल संयुक्त रूप से इस प्रतियोगिता की मेजबानी करेंगे। खास बात यह है कि मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम खिताब बचाने उतरेगी, जबकि पाकिस्तान को अलग ग्रुप में रखा गया है। भारत के ग्रुप में कौन-कौन सी टीमें? इस टूर्नामेंट में कुल 16 टीमें हिस्सा लेंगी, जिन्हें चार ग्रुप में बांटा गया है। भारतीय अंडर-19 महिला टीम को ग्रुप A में जगह मिली है। इस ग्रुप में भारत के अलावा आयरलैंड, वेस्टइंडीज और मेजबान नेपाल की टीमें शामिल हैं। वहीं, पाकिस्तान ग्रुप B में दक्षिण अफ्रीका, न्यूजीलैंड और सामोआ के साथ खेलेगा। ग्रुप C में ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, नाइजीरिया और यूएई हैं। ग्रुप D में इंग्लैंड, श्रीलंका, अमेरिका और स्कॉटलैंड को रखा गया है। 16 teams 👊 41 matches 🏏 The ICC Women's T20 #U19WorldCup 2027 fixtures are confirmed 🤩 More ➡️ https://t.co/atd1WxBfo1 https://t.co/qJm6ynKda4 — ICC (@ICC) October 21, 2026 22 जनवरी को भारत का पहला मुकाबला भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 22 जनवरी 2027 को वेस्टइंडीज के खिलाफ करेगी। इसके बाद 24 जनवरी को नेपाल से मुकाबला होगा, जबकि 26 जनवरी को टीम इंडिया आयरलैंड के सामने उतरेगी। ग्रुप चरण में भारतीय खिलाड़ियों को खिताब की रक्षा के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा। पहले दिन होंगे चार मुकाबले टूर्नामेंट की शुरुआत 21 जनवरी को चार मुकाबलों के साथ होगी। पहले दिन बांग्लादेश का सामना यूएई से, ऑस्ट्रेलिया का मुकाबला नाइजीरिया से, श्रीलंका का मैच स्कॉटलैंड से और इंग्लैंड का सामना अमेरिका से होगा। 22 जनवरी को भारत-वेस्टइंडीज के अलावा न्यूजीलैंड-सामोआ, नेपाल-आयरलैंड और दक्षिण अफ्रीका-पाकिस्तान के मुकाबले भी खेले जाएंगे। महिला क्रिकेट को मिलेगा नया मंच ICC के CEO संजोग गुप्ता के मुताबिक, अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देता है। बांग्लादेश और नेपाल में 16 टीमों की भागीदारी से महिला क्रिकेट को बढ़ावा मिलने और उभरते क्रिकेट देशों को अनुभव हासिल करने का मौका मिलने की उम्मीद है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या भारतीय टीम एक बार फिर दमदार प्रदर्शन कर खिताब अपने नाम कर पाएगी? क्रिकेट प्रेमियों की नजरें जनवरी 2027 में शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट पर रहेंगी। ये भी पढ़ें: घरेलू मैदान से नेशनल टीम तक… इटावा के मोहम्मद कैफ का उत्तर प्रदेश सीनियर नेशनल हॉकी टीम में चयन