Lalitpur News: दीपावली के त्योहार से पहले मिलावटी खाद्य पदार्थों की आशंका के बीच खाद्य विभाग और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को तेरई फाटक पुलिस चौकी के पास ललितपुर की ओर जा रही एक स्लीपर बस को रोककर तलाशी ली गई। बस में भारी मात्रा में खाद्य सामग्री भरी मिली। जरूरी दस्तावेज नहीं दिखाए जाने और मिलावट की आशंका के बाद टीम ने करीब 22 क्विंटल सामग्री जब्त कर बस को सीज कर दिया। बोरों में भरी थी मिठाई, खोया और हींग मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने स्लीपर बस को रोका था। तलाशी के दौरान बस में कई बोरों में खाद्य सामग्री रखी मिली। टीम ने बस स्टाफ से सामान से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद खाद्य सामग्री को उतरवाकर जांच की गई। मिलावट की आशंका सामने आने पर टीम ने पूरा सामान जब्त कर लिया। अधिकारियों के अनुसार, बरामद खाद्य पदार्थों की अनुमानित कीमत 10 से 12 लाख रुपये है। 15 क्विंटल मिल्क केक और बर्फी बरामद कार्रवाई के दौरान टीम को करीब 15 क्विंटल मिल्क केक और स्पेशल बर्फी, छह क्विंटल खोया और 50 किलोग्राम हींग मिली। त्योहार के दौरान इन खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के कारण उनकी गुणवत्ता को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। खाद्य विभाग ने बर्फी, मिल्क केक, खोया और हींग के एक-एक नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू की है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट से खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उनमें मिलावट की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। JCB से गड्ढा खुदवाकर नष्ट कराया सामान जब्त खाद्य सामग्री को अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी की मदद से गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दिया गया। साथ ही, बस को सीज कर दिया गया है। कार्रवाई में सहायक आयुक्त खाद्य विनोद कुमार शर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसएस निरंजन, तेरई फाटक चौकी प्रभारी शिवजीत सिंह समेत पुलिस और खाद्य विभाग के कई कर्मचारी मौजूद रहे। अब प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट से पता चलेगा कि बरामद खाद्य सामग्री में मिलावट थी या नहीं। त्योहार से पहले हुई इस कार्रवाई ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और उनकी आपूर्ति से जुड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। ये भी पढ़ें: लखनऊ से नेपाल और फिर नागपुर… गिरफ्तारी से पहले कहां-कहां छिपी रही श्रद्धा?