Noida Police Action: गौतमबुद्धनगर के जेवर में देर रात पुलिस और एक वांछित बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में हत्या के मामले में फरार चल रहा आरोपी शानू उर्फ शान मोहम्मद पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर अलीगढ़ के रोरावर थाने में दर्ज एक अन्य मुकदमे के सिलसिले में 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। तमंचा-कारतूस और बाइक बरामद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस अब उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागा आरोपी एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार के मुताबिक, जेवर थाना पुलिस की टीम जफरगढ़-चांचली रोड के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध व्यक्ति वहां पहुंचा। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह रुकने के बजाय बाइक मोड़कर भागने लगा।पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। खुद को घिरा देखकर आरोपी मोटरसाइकिल से उतर गया और पुलिसकर्मियों पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इमरान हत्याकांड में चल रहा था फरार पकड़े गए आरोपी की पहचान शानू उर्फ शान मोहम्मद पुत्र यूनुस के रूप में हुई है। वह जहांगीरपुर कस्बे के मोहल्ला व्यापारियान का निवासी है। एडीसीपी के अनुसार, आरोपी 7 अक्टूबर 2026 को जेवर थाना क्षेत्र में हुए इमरान हत्याकांड में वांछित था। घटना के बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। इसके अलावा, अलीगढ़ के रोरावर थाने में दर्ज एक अन्य मुकदमे में भी उसकी तलाश की जा रही थी। इसी मामले में उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद पुलिस ने आरोपी के पास से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।फिलहाल पुलिस आरोपी के अन्य आपराधिक मामलों की जानकारी जुटा रही है। उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस जांच के बाद मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी सामने आ सकती है। ये भी पढ़ें: हाईटेक नोएडा में घरों तक पहुंच रहा बदबूदार पानी! शिकायत के बाद भी राहत का इंतजार