Noida Food Safety Inspection: दीपावली से पहले गौतमबुद्धनगर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच के लिए बड़ा अभियान चलाया है। 24 और 25 अक्टूबर को हुई कार्रवाई के दौरान ऑनलाइन ग्रोसरी और फूड डिलीवरी से जुड़े 18 वेयरहाउस और डार्क स्टोरों का निरीक्षण किया गया। जांच में कमियां मिलने पर 16 प्रतिष्ठानों को सुधार नोटिस जारी किए गए। वहीं, नोएडा के सेक्टर-135 स्थित जेप्टो स्टोर के कोल्ड रूम का संचालन सुधार होने तक बंद करा दिया गया। Zepto के कोल्ड रूम में मिली गंदगी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम को सेक्टर-135 स्थित जेप्टो स्टोर के कोल्ड रूम में साफ-सफाई की स्थिति खराब और अव्यवस्था मिली। विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कोल्ड रूम का संचालन तत्काल बंद करा दिया। अब इसे दोबारा शुरू करने के लिए कमियों को दूर करना होगा। बिग बास्केट, ब्लिंकिट और स्विगी समेत कई स्टोरों पर कार्रवाई सहायक आयुक्त (खाद्य द्वितीय) सर्वेश मिश्रा के मुताबिक, अभियान के दौरान कई प्रमुख कंपनियों के स्टोर और वेयरहाउस की जांच की गई। बिग बास्केट और ब्लिंकिट: इकोटेक-3, ग्रेटर नोएडा स्थित स्टोरों में सफाई और जरूरी दस्तावेजों से जुड़ी कमियां मिलीं। जोमैटो हाइपरमार्ट और स्विगी: दादरी स्थित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए गए। जोमैटो हाइपरमार्ट से पनीर का नमूना लिया गया। ब्लिंकिट: सूरजपुर, बीटा-1 और सेक्टर-62 नोएडा के स्टोरों की जांच में कमियां सामने आईं। सूरजपुर से मूंगफली के दानों का नमूना लिया गया। अन्य प्रतिष्ठान: जियो मार्ट, केवी एंटरप्राइजेज, जेप्टो, स्विगी स्टोर, ए एंड डी नेटवर्क और अमेजन के स्टोरों की भी जांच की गई। पी.जे.टी.जे. टेक्नोलॉजी: मथुरापुर स्थित प्रतिष्ठान से तिल के तेल का नमूना लिया गया। दस्तावेजों की कमी निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठान कामगारों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और एक्सपायरी वाले खाद्य पदार्थों को हटाने से संबंधित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) प्रस्तुत नहीं कर सके। खाद्य विभाग ने कुल तीन खाद्य पदार्थों के नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे हैं। हालांकि, इनकी गुणवत्ता को लेकर अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा। त्योहार पर भी जारी रहेगी निगरानी विभाग ने सभी ऑनलाइन डिलीवरी प्लेटफॉर्मों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और कमियों को दूर करने की चेतावनी दी है। अधिकारियों का कहना है कि दीपावली के दौरान लोगों को सुरक्षित और मानक के अनुरूप खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। अब निगाहें जांच रिपोर्ट और नोटिस पाने वाले स्टोरों की ओर से किए जाने वाले सुधारों पर हैं। ये भी पढ़ें: जेवर में देर रात पुलिस मुठभेड़, इमरान हत्याकांड का आरोपी शानू गिरफ्तार, 25 हजार का था इनाम