UP IAS Transfer: उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए योगी सरकार ने शनिवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। शासन की ओर से जारी आदेश के तहत 15 आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। इनमें पांच अधिकारियों का तबादला किया गया है, जबकि 10 अधिकारियों के विभागीय कार्यभार में फेरबदल किया गया है। इस बदलाव में कई वरिष्ठ अधिकारियों को महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह प्रशासनिक बदलाव अपर मुख्य सचिव वित्त एवं अवस्थापना तथा औद्योगिक विकास आयुक्त दीपक कुमार के सेवानिवृत्त होने के बाद किया गया है। उनके पास नागरिक उड्डयन विभाग की भी जिम्मेदारी थी। रिक्त हुए पदों और विभागों के कार्यभार को देखते हुए शासन ने वरिष्ठ अधिकारियों के बीच नई जिम्मेदारियों का वितरण किया है। अनुराग श्रीवास्तव को कृषि उत्पादन आयुक्त की जिम्मेदारी इस फेरबदल में अपर मुख्य सचिव नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति अनुराग श्रीवास्तव को कृषि उत्पादन आयुक्त नियुक्त किया गया है। हालांकि, उनके पास नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग का अतिरिक्त प्रभार बना रहेगा। इसके साथ ही लघु सिंचाई एवं भूगर्भ जल, ग्रामीण पेयजल मिशन और राज्य स्वच्छ गंगा मिशन की जिम्मेदारी भी उनके पास रहेगी। मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल को अपर मुख्य सचिव नागरिक उड्डयन का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, अपर मुख्य सचिव अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आलोक कुमार-2 को अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त (IIDC) बनाया गया है। उन्हें एनआरआई विभाग और पिकप के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। एम. देवराज और एमकेएस सुंदरम को भी नई जिम्मेदारी प्रमुख सचिव नियुक्ति एवं कार्मिक एम. देवराज को राज्य सतर्कता आयोग और प्रशासनाधिकरण-1 के अध्यक्ष का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। वहीं, प्रमुख सचिव कृषि डॉ. एमकेएस सुंदरम को प्रमुख सचिव समन्वय के साथ यूपी डास्प के परियोजना निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है। प्रमुख सचिव नियोजन, कार्यक्रम कार्यान्वयन और आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स आलोक कुमार-3 को प्रमुख सचिव वित्त, संस्थागत वित्त और बाह्य सहायतित परियोजना विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इसके अलावा प्रमुख सचिव लोक निर्माण अजय चौहान को उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) का मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं, प्रमुख सचिव बाह्य सहायतित परियोजना एवं विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी पंधारी यादव को बाह्य सहायतित परियोजना विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। जल निगम और पीसीडीएफ के प्रबंध निदेशकों की बदली जिम्मेदारी शासन ने दो अधिकारियों के कार्यभार में भी अदला-बदली की है। उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक योगेश कुमार को पीसीडीएफ का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। वहीं, पीसीडीएफ के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह को उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) का नया प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन कृष्ण कुमार को झांसी मंडल का मंडलायुक्त बनाया गया है। सचिव प्रशासनिक सुधार भूपेंद्र एस. चौधरी को उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग का सचिव नियुक्त किया गया है। इसके अलावा प्रतीक्षारत चल रहे देवेंद्र सिंह कुशवाहा को विशेष सचिव प्रशासनिक सुधार की जिम्मेदारी दी गई है। चंद्रशेखर और प्रवीण मिश्रा को भी नई तैनाती विशेष सचिव सिंचाई एवं जल संसाधन चंद्रशेखर को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना का मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें ग्रेटर शारदा सहायक समादेश क्षेत्र विकास प्राधिकरण का प्रशासक भी बनाया गया है। वहीं, विशेष सचिव समाज कल्याण एवं सचिव उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग प्रवीण मिश्रा को उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। उन्हें निदेशक जनजाति विकास का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को विभिन्न विभागों के कामकाज और जिम्मेदारियों के पुनर्गठन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नई तैनातियों के बाद संबंधित अधिकारियों को अपने नए विभागों का कार्यभार संभालना होगा। ये भी पढ़ें: सीएम योगी का बड़ा ऐलान, यूपी के सभी 75 जिलों में बनेंगे सरदार पटेल स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट जोन