उत्तर प्रदेशराजनीति

सीएम योगी का बड़ा ऐलान, यूपी के सभी 75 जिलों में बनेंगे सरदार पटेल स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट जोन

सीएम योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को लोकभवन में सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना का शुभारंभ किया। पहले चरण में गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, झांसी और गौतमबुद्धनगर में केंद्र बनेंगे।

Reported by Vartika Singh and edited by Vartika Singh

Sardar Patel Skill And Employment Zones: उत्तर प्रदेश के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए योगी सरकार ने बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकभवन में लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर ‘सरदार वल्लभभाई पटेल कौशल प्रशिक्षण एवं रोजगार क्षेत्र विकास योजना’ का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि प्रदेश के सभी 75 जिलों में सरदार पटेल स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित किए जाएंगे।

योजना के पहले चरण में गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, झांसी और गौतमबुद्धनगर में केंद्र स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके बाद प्रदेश के सभी 18 मंडल मुख्यालयों और फिर सभी 75 जिलों तक इसका विस्तार किया जाएगा। इन केंद्रों के माध्यम से युवाओं को पंजीकरण, उनकी रुचि और योग्यता के अनुसार कौशल प्रशिक्षण तथा रोजगार उपलब्ध कराने की सुविधा एक ही छत के नीचे मिलेगी।

एक ही छत के नीचे प्रशिक्षण से लेकर रोजगार तक की सुविधा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इन एम्प्लॉयमेंट जोन में हाईस्कूल पास युवाओं से लेकर अधिक उम्र के रोजगार इच्छुक लोगों तक को अवसर मिलेगा। युवाओं का पंजीकरण करने के बाद उनकी रुचि और योग्यता के आधार पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद उन्हें संस्थानों, फैक्ट्रियों और अन्य क्षेत्रों में रोजगार से जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि विदेशों में नौकरी करने के इच्छुक युवाओं को संबंधित देश की भाषा और जरूरत के मुताबिक तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। उदाहरण के तौर पर नर्सिंग का प्रशिक्षण प्राप्त कोई युवा जापान या जर्मनी में नौकरी करना चाहता है तो उसे वहां की भाषा और कार्यक्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुसार प्रशिक्षित किया जाएगा। संबंधित दूतावास के सहयोग से विदेश में रोजगार दिलाने की व्यवस्था भी की जाएगी।

टाटा और अशोक लीलैंड समेत कई संस्थाओं से हुआ समझौता

मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना को प्रभावी बनाने के लिए टाटा इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ स्किल्स, अशोक लीलैंड, बीबीसी ग्रुप, पीटीसी, सीआईपैट, एशियन डेवलपमेंट बैंक, मिंडा और अवाडा जैसी संस्थाओं के साथ एमओयू किए गए हैं। इन संस्थाओं की विशेषज्ञता, तकनीक और अनुभव का लाभ प्रदेश के युवाओं को मिलेगा। उन्होंने बताया कि गौतमबुद्धनगर में यमुना प्राधिकरण की ओर से केंद्र विकसित किया जा रहा है, जिसमें टाटा जैसी संस्था भी जुड़ चुकी है। वहीं, गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण भी इस पहल में सहयोग कर रहा है। सभी 18 मंडल मुख्यालयों के लिए धनराशि की व्यवस्था पहले ही की जा चुकी है। जमीन उपलब्ध होते ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

फूड प्रोसेसिंग से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कौशल विकास को उद्योगों की जरूरतों से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में वैल्यू एडिशन के जरिए किसानों की आमदनी में बड़ा इजाफा किया जा सकता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि दूध से छाछ, घी, मक्खन और पनीर जैसे उत्पाद तैयार कर अधिक मूल्य प्राप्त किया जा सकता है। इसी तरह फल और सब्जियों की प्रोसेसिंग तथा बेहतर पैकेजिंग से किसानों को उनकी उपज का अधिक लाभ मिल सकता है।

सीएम युवा योजना के तहत पांच लाख रुपये तक की ब्याजमुक्त सहायता

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जॉब कार्ड प्राप्त करने वाले युवाओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सीएम युवा योजना के तहत युवाओं को पांच लाख रुपये तक की ब्याजमुक्त और गारंटीमुक्त आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम से भी युवा स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं के लिए एक साथ दो डिग्री या पाठ्यक्रमों से जुड़ने का अवसर उपलब्ध कराया है। ऐसे में युवा कॉलेज की पढ़ाई के साथ-साथ कौशल प्रशिक्षण भी प्राप्त कर सकते हैं। प्रतिदिन कुछ घंटे स्किलिंग के लिए देकर वे अपनी रोजगार क्षमता और आत्मनिर्भरता बढ़ा सकते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि युवाओं को राष्ट्रीय एकता, कौशल विकास और रोजगार से जोड़ना है। प्रदेश सरकार इसी संकल्प के साथ सभी 75 जिलों में सरदार पटेल स्किल एंड एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।

ये भी पढ़ें: KGMU में धर्मांतरण के आरोपों की STF जांच में कई डॉक्टरों-कर्मियों के नाम, विभागीय कार्रवाई की तैयारी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »