Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के गैलेक्सी ब्लू सफायर मॉल के सिनेमा हॉल में उस समय बड़ा हादसा टल गया, जब रामायण फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान अचानक धुआं निकलने लगा। घटना के बाद सिनेमा हॉल में अफरा-तफरी मच गई। एहतियात के तौर पर फिल्म का शो तत्काल रोक दिया गया और हॉल में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। शॉर्ट सर्किट से हड़कंप मिली जानकारी के मुताबिक, थाना बिसरख क्षेत्र के अंतर्गत स्थित गैलेक्सी ब्लू सफायर मॉल के सिनेमा हॉल की ऑडिटोरियम-10 में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना पर फायर सर्विस यूनिट और स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि प्रोजेक्टर रूम में शॉर्ट सर्किट के कारण तार गर्म हो गए थे, जिससे वहां धुआं फैल गया। सभी दर्शक सुरक्षित बाहर निकले पुलिस के अनुसार, मौके पर मौजूद लोगों ने एक्सटिंग्विशर की मदद से तारों में लगी आग को पहले ही बुझा दिया था। इसके बाद ऑडिटोरियम-10 के अंदर मौजूद 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बताया जा रहा है कि 7:30 बजे बजे रामायण फिल्म का शो चल रहा था। अचानक शो के बीच में ही स्क्रीन से धुवां निकलने लगा था। जिसके बाद तुरंत ही लोगो को एहतियातन बाहर निकाल दिया गया था। वही सभी दर्शकों के पैसे भी वापस कर दिया गया था। फिलहाल मौके पर स्थिति सामान्य है। एहतियातन सिनेमा हॉल में शो बंद कर दिया गया और मामले में फायर विभाग और पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। रिपोर्ट- आमिर खान ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा वेस्ट वालों की बल्ले-बल्ले! गौर चौक पर खत्म होगा जाम का झंझट, दिवाली से पहले मिलेगी बड़ी सौगात