विदेश

Nvidia में बड़ा नेतृत्व संकट! जेन्सन हुआंग की कुर्सी पर खतरा, CFO कोलेट क्रेस संभाल सकती हैं कमान?

Nvidia में नेतृत्व संकट गहराया! जेन्सन हुआंग की कुर्सी पर खतरा, CFO कोलेट क्रेस बन सकती हैं अंतरिम CEO। बोर्ड के फैसले पर टिकी दुनिया की नजरें।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Nvidia Colette Kress: दुनिया की दिग्गज AI चिप निर्माता कंपनी Nvidia में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों ने टेक इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है। कंपनी के सह-संस्थापक और CEO जेन्सन हुआंग के निजी आचरण और कॉरपोरेट गवर्नेंस को लेकर उठे सवालों के बीच निदेशक मंडल उनके भविष्य पर विचार कर रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर हुआंग पद छोड़ते हैं या उन्हें हटाया जाता है, तो कंपनी की CFO कोलेट क्रेस अंतरिम CEO की जिम्मेदारी संभाल सकती हैं।

क्यों उठे जेन्सन हुआंग पर सवाल?

मीडिया रिपोर्ट्स में हुआंग के दो कथित विवाहेतर संबंधों को लेकर विवाद सामने आया है। इनमें सिंगापुर की डेटा सेंटर कंपनी मेगास्पीड इंटरनेशनल की पूर्व अधिकारी एलिस हुआंग और Nvidia की हेल्थकेयर विभाग की वाइस प्रेसिडेंट किम्बरली पॉवेल का नाम शामिल है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन मामलों को लेकर कंपनी के बोर्ड ने स्वतंत्र निदेशकों और बाहरी कानूनी सलाहकारों की निगरानी में जांच शुरू की है। हालांकि, कंपनी की ओर से कहा गया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा या गोपनीय जानकारियों से समझौते का कोई आधार नहीं मिला है। इन आरोपों और रिपोर्ट्स के बीच बोर्ड के संभावित फैसले पर सबकी नजरें टिकी हैं।

कौन हैं कोलेट क्रेस?

कोलेट क्रेस सितंबर 2013 से Nvidia में CFO की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। उन्हें वित्तीय प्रबंधन और कॉरपोरेट संचालन का करीब 25 साल का अनुभव है। Nvidia से पहले वह Cisco में वरिष्ठ वित्तीय पद पर थीं। इससे पहले उन्होंने Microsoft में करीब 13 साल काम किया और टेक्सास इंस्ट्रूमेंट्स से करियर की शुरुआत की। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ एरिजोना से फाइनेंस में स्नातक और सदर्न मेथोडिस्ट यूनिवर्सिटी से MBA किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बोर्ड उन्हें स्थायी उत्तराधिकारी मिलने तक अंतरिम CEO की जिम्मेदारी देने पर विचार कर सकता है।

परिवार के सदस्यों पर भी चर्चा

जेन्सन हुआंग के परिवार के कुछ सदस्य भी Nvidia में अहम पदों पर काम कर रहे हैं। उनकी बेटी मैडिसन प्रोडक्ट मार्केटिंग, बेटा स्पेंसर रोबोटिक्स और दामाद निको कैपरेज AI इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कारोबार की जिम्मेदारी संभालते हैं। हालांकि, फिलहाल इनमें से किसी को आधिकारिक उत्तराधिकारी घोषित नहीं किया गया है।

शेयर बाजार पर भी दिखा असर

हुआंग को पद से हटाए जाने की खबरों के बाद बुधवार को Nvidia के शेयर एक्सटेंडेड ट्रेडिंग में 8 प्रतिशत से ज्यादा गिर गए। इससे निवेशकों की चिंता बढ़ गई। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या Nvidia अपने संस्थापक जेन्सन हुआंग के नेतृत्व को बरकरार रखेगी या कोलेट क्रेस को अंतरिम कमान सौंपकर नए CEO की तलाश शुरू करेगी? कंपनी के बोर्ड के आधिकारिक फैसले का इंतजार है।

ये भी पढ़ें: ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो को कैबिनेट की हरी झंडी! बनेंगे 5 स्टेशन, जाम से मिलेगी राहत

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »