उत्तर प्रदेशनोएडा

नोएडा की हवा बनी जहरीली! AQI 400 पार, स्कूलों पर भी प्रदूषण की मार… आखिर कब मिलेगी राहत?

नोएडा में AQI 400 पार, स्मॉग से बढ़ी परेशानी! GRAP-3 लागू, पांचवीं तक के बच्चों को हाइब्रिड पढ़ाई की छूट। आखिर कब सुधरेगी शहर की हवा?

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Noida Air Quality: नोएडा में प्रदूषण का स्तर लगातार गंभीर होता जा रहा है। शहर की हवा में जहरीले कणों का असर साफ दिखाई दे रहा है। आसमान में स्मॉग की मोटी चादर छाई हुई है और एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच चुका है। सुबह और शाम के समय धुंध का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को घर से बाहर निकलने पर आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

GRAP-3 लागू

प्रदूषण की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए दिल्ली-NCR में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP-3) लागू कर दिया गया है। इसके तहत निर्माण और तोड़फोड़ से जुड़े कार्यों पर रोक लगा दी गई है। साथ ही प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर निगरानी और सख्ती बढ़ा दी गई है। प्रशासन का मकसद हवा में प्रदूषण के स्तर को कम करना और लोगों को राहत पहुंचाना है।

पांचवीं तक हाइब्रिड पढ़ाई लागू

इस बीच प्रदूषण का असर अब बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ने लगा है। गौतमबुद्धनगर प्रशासन ने जिले के स्कूलों में कक्षा पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए हाइब्रिड मोड में पढ़ाई कराने का फैसला लिया है। इसके तहत बच्चों को ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों विकल्प मिलेंगे। अभिभावक अपनी सुविधा और बच्चों की स्थिति के अनुसार तय कर सकेंगे कि उन्हें स्कूल भेजना है या घर से ऑनलाइन कक्षाएं दिलानी हैं। इस संबंध में स्कूलों को जरूरी निर्देश जारी कर दिए गए हैं।

दरअसल, खराब हवा का असर बच्चों और बुजुर्गों की सेहत पर ज्यादा पड़ सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने छोटे बच्चों को राहत देने के लिए यह व्यवस्था लागू की है।

साफ हवा का इंतजार जारी

फिलहाल नोएडा में AQI 400 के पार बना हुआ है। आने वाले दिनों में मौसम में बड़े बदलाव की संभावना नहीं होने से प्रदूषण से जल्द राहत मिलने की उम्मीद भी कम नजर आ रही है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि GRAP-3 और प्रशासनिक सख्ती के बावजूद शहर की हवा कब सुधरेगी और लोगों को जहरीले स्मॉग से कब निजात मिलेगी?

ये भी पढ़ें: स्वच्छता की रेस में नोएडा को बड़ा झटका! पिछले साल राष्ट्रपति से मिला था सम्मान, इस बार क्यों खाली रह गए हाथ?

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »