भारत

छठ पर घर जाना हुआ मुश्किल! ट्रेनें फुल, फ्लाइट का किराया 44 हजार पार, बसों में भी हालात खराब

छठ से पहले बिहार जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ से हड़कंप है। दिल्ली-पटना फ्लाइट किराया 44 हजार पहुंचा, राहत के लिए 77 बसें और स्पेशल ट्रेनें शुरू हुईं।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Chhath Puja Railway Crowd: छठ महापर्व नजदीक आते ही बिहार और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के रेलवे स्टेशनों पर घर लौटने वालों की भारी भीड़ उमड़ रही है। ट्रेनों में जगह नहीं मिलने के कारण यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कहीं लोग दरवाजों के पास बैठकर सफर कर रहे हैं तो कहीं बाथरूम के आसपास खड़े होकर यात्रा करने को मजबूर हैं। दूसरी तरफ हवाई किराये में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है।

रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भारी भीड़

नई दिल्ली, करनाल और सहारनपुर रेलवे स्टेशनों पर बिहार और पूर्वांचल जाने वाली ट्रेनों में भारी भीड़ है। करनाल में यात्रियों ने बताया कि दिवाली पर घर नहीं जा सके, इसलिए अब छठ मनाने के लिए बिहार लौट रहे हैं। सहारनपुर स्टेशन पर भी बिहार, सीतापुर और पूर्वांचल जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। कई यात्रियों को ट्रेन में बैठने तक की जगह नहीं मिल रही। कुछ लोग बाथरूम के पास बैठकर सफर कर रहे हैं। यात्रियों ने सरकार से त्योहार के दौरान अतिरिक्त ट्रेनें चलाने की मांग की है।

रेलवे ने चलाईं स्पेशल ट्रेनें

बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त ट्रेनों की व्यवस्था की है। मुजफ्फरपुर से आनंद विहार टर्मिनल के बीच स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है। इसका रूट गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, लखनऊ, हरदोई, शाहजहांपुर और मुरादाबाद से होकर गुजरता है। इसके अलावा रामनगर-पाटलिपुत्र साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन का संचालन भी बढ़ाया गया है।

दिल्ली-पटना फ्लाइट का किराया 44 हजार रुपये तक

छठ के दौरान हवाई सफर भी जेब पर भारी पड़ रहा है। दिल्ली से पटना का हवाई किराया 44 हजार रुपये तक पहुंच गया है। इस रूट पर सबसे कम उपलब्ध किराया 15,367 रुपये है, जो स्पाइसजेट की नॉन-स्टॉप फ्लाइट का है। वहीं मुंबई से पटना का न्यूनतम किराया करीब 10 हजार रुपये से शुरू होकर 45 हजार रुपये तक पहुंच रहा है।

यात्रियों के लिए 77 अतिरिक्त बसों की व्यवस्था

यात्रियों को राहत देने के लिए दिल्ली और बिहार सरकार ने मिलकर 77 अंतरराज्यीय बसें शुरू की हैं। ये बसें आनंद विहार बस टर्मिनल से बिहार के पांच मंडलों के लिए संचालित होंगी। इनमें यात्रियों को 134 रुपये से लेकर 1,028 रुपये तक की किराये में छूट मिलेगी। दिल्ली के परिवहन मंत्री पंकज सिंह के मुताबिक, दोनों राज्यों के बीच समझौते के तहत यह व्यवस्था की गई है, ताकि छठ पर घर लौटने वाले लोग सुरक्षित और किफायती सफर कर सकें।

ये भी पढ़ें: दिल्ली-NCR से हरियाणा तक जहरीली हवा का तांडव! AQI 480 पार, एक्सपर्ट ने बताई चौंकाने वाली वजह

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »