Sunny Deol Suryaa Postpened: बॉलीवुड अभिनेता सनी देओल और रवि किशन की फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। डॉक्टरों के संगठन इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) के विरोध और कानूनी विवाद के बीच मेकर्स ने फिल्म की रिलीज टालने का फैसला किया है। पहले यह फिल्म 20 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली थी, लेकिन अब दर्शकों को इसके लिए अगले साल तक इंतजार करना पड़ सकता है। 15 जनवरी 2027 को रिलीज करने की तैयारी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स फिल्म को फिलहाल 2027 तक के लिए पोस्टपोन करने पर विचार कर रहे हैं। बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फिल्म को 15 जनवरी 2027 को रिलीज करने की योजना बनाई जा रही है। हालांकि, इस तारीख को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। मेकर्स पहले IMA की आपत्तियों का समाधान करना चाहते हैं। इसके साथ ही फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से मंजूरी मिलना भी जरूरी है। विवाद खत्म होने के बाद ही नई रिलीज डेट का ऐलान किया जाएगा। टीजर रिलीज होते ही शुरू हुआ विवाद फिल्म का निर्देशन मलयालम फिल्ममेकर एम. पद्मकुमार ने किया है। इसका टीजर 19 अक्टूबर को सनी देओल के जन्मदिन पर जारी किया गया था। इसमें सनी देओल हेल्थकेयर सिस्टम की खामियों के खिलाफ लड़ते नजर आए थे। कुछ दृश्यों में डॉक्टरों के खिलाफ हिंसा दिखाई गई थी। इसी चित्रण पर IMA ने कड़ी आपत्ति जताई। संगठन का कहना था कि फिल्म में डॉक्टरों को जिस तरह दिखाया गया है, उससे समाज में उनके प्रति नकारात्मक धारणा और नफरत बढ़ सकती है। हाईकोर्ट तक पहुंचा मामला विवाद बढ़ने के बाद डॉक्टरों की ओर से हाईकोर्ट में याचिका दायर कर फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की गई। सुनवाई के दौरान अदालत ने केंद्र सरकार, CBFC और फिल्म निर्माताओं को नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। वहीं, 5 नवंबर को फिल्म के खिलाफ एक अन्य जनहित याचिका भी दाखिल हुई थी, लेकिन अदालत ने उसे सुनने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि इसी मामले पर पहले से ही सिंगल जज की पीठ सुनवाई कर रही है। अब कानूनी विवाद और IMA की आपत्तियों के बीच फिल्म की रिलीज टल गई है। ऐसे में सवाल है कि मेकर्स कब तक विवाद सुलझाकर फिल्म को दर्शकों के सामने ला पाएंगे। ये भी पढ़ें: Box Office पर ‘रामायण’ का जलवा बरकरार, ‘सीन’ की कमाई में गिरावट… ‘मूकुथी अम्मान 2’ की हालत सबसे खराब!