मनोरंजन

दिसंबर में फिर जमेगी फुलेरा की महफिल, पंचायत 5 की रिलीज डेट का हुआ ऐलान

‘पंचायत सीजन 5’ की रिलीज डेट सामने आ गई है। 3 दिसंबर को सचिव जी लौटेंगे, लेकिन इस बार फुलेरा की सत्ता बनराकस के हाथों में होगी।

Reported by Shagun Chaurasia and edited by Shagun Chaurasia

Panchayat Season 5 Release Date: फुलेरा गांव की गलियों में एक बार फिर हलचल मचने वाली है। सचिव जी की वापसी का इंतजार कर रहे दर्शकों के लिए मेकर्स ने बड़ा ऐलान कर दिया है। लोकप्रिय वेब सीरीज ‘पंचायत’ के पांचवें सीजन की रिलीज डेट सामने आ गई है। इस बार कहानी में सिर्फ पुराने किरदारों की वापसी नहीं होगी, बल्कि गांव की राजनीति में भी बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। सीरीज का नया सीजन 3 दिसंबर 2026 को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगा।

सचिव जी की धमाकेदार वापसी

मेकर्स ने सोशल मीडिया के जरिए रिलीज डेट की आधिकारिक जानकारी साझा की है। भारत समेत दुनिया के 240 से ज्यादा देशों में इसका प्रीमियर किया जाएगा। अब दर्शकों को एक बार फिर जितेंद्र कुमार के सचिव जी और फुलेरा के बाकी किरदारों की नोकझोंक देखने को मिलेगी।

क्या बदलेगी फुलेरा की तस्वीर?

पंचायत सीजन 5 की सबसे दिलचस्प बात गांव की बदली हुई सियासत है। फुलेरा को नया मुखिया मिल चुका है और इस बार प्रधानपति की भूमिका में बनराकस यानी दुर्गेश कुमार नजर आएंगे। ऐसे में कहानी का सबसे बड़ा सवाल यही है कि सत्ता मिलने के बाद बनराकस गांव के विकास के लिए क्या करेंगे?

क्या उनके फैसले फुलेरा की तस्वीर बदल पाएंगे या फिर गांव की राजनीति में नए विवाद शुरू होंगे? नए सीजन में सत्ता की खींचतान, पुराने रिश्तों में बदलाव, हास्य और भावनात्मक घटनाओं का तड़का देखने को मिल सकता है।

 

View this post on Instagram

 

A post shared by prime video IN (@primevideoin)

पुरानी स्टारकास्ट की होगी वापसी

द वायरल फीवर (TVF) के बैनर तले बनी इस सीरीज का निर्देशन एक बार फिर दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। इसकी कहानी दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार ने मिलकर तैयार की है।

नए सीजन में जितेंद्र कुमार, रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैसल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक अपने पुराने किरदारों में लौटेंगे।

कुंभकर्ण के बाद फिर दिखेंगे प्रहलाद चा

इस बार फैसल मलिक की वापसी भी खास होने वाली है। हाल ही में नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण’ में कुंभकर्ण का किरदार निभाने के बाद वह एक बार फिर प्रहलाद चा के रूप में दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

गौरतलब है कि ‘पंचायत’ अपनी सादगी, ग्रामीण परिवेश, देसी हास्य और भावुक कहानियों के कारण दर्शकों के बीच खास पहचान बना चुकी है। अब पांचवें सीजन में फुलेरा की बदली राजनीति और बनराकस के नए अंदाज को देखने के लिए फैंस उत्साहित हैं।

ये भी पढ़ें: ‘रामायण’ का बॉक्स ऑफिस पर तूफान! 13वें दिन 809 करोड़ पार, दुनियाभर में कमाई 1400 करोड़ के पार

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »