शेयर बाजार में हाहाकार जारी, सेंसेक्स 500 अंक टूटा, निफ्टी 23700 के नीचे फिसला
वैश्विक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से बाजार में दबाव, सेंसेक्स-निफ्टी में लगातार गिरावट जारी
Stock Market Crash India || Sensex Decline News || Nifty Falls Below 23700 || Indian Stock Market Update: घरेलू शेयर बाजार में गिरावट का दौर थमता नजर नहीं आ रहा है। लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में भी बाजार दबाव में रहा और प्रमुख सूचकांक लाल निशान पर कारोबार करते दिखाई दिए। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में तेज गिरावट दर्ज की गई और यह करीब 525 अंक टूटकर 75,489 के स्तर पर आ गया। वहीं निफ्टी भी 164 अंक से अधिक गिरकर 23,651 के आसपास पहुंच गया।
क्या है गिरावट की असल वजह
इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह वैश्विक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल को माना जा रहा है। पश्चिम एशिया में हालात बिगड़ने और अमेरिका-ईरान के बीच शांति वार्ता को लेकर अनिश्चितता ने निवेशकों की धारणा को कमजोर कर दिया है। सोमवार को भी बाजार में भारी बिकवाली देखी गई थी, जहां सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी। इसके बाद मंगलवार को विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली ने दबाव और बढ़ा दिया।
दिग्गज शेयर खास रूप से नुकसान में रहे
आईटी और फाइनेंशियल सेक्टर के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट देखने को मिली, जिसमें इंफोसिस, टीसीएस और टेक महिंद्रा जैसे दिग्गज शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। हालांकि कुछ चुनिंदा शेयरों जैसे भारती एयरटेल और एनटीपीसी में हल्की तेजी ने बाजार को मामूली सहारा दिया।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चा तेल 105 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है, जिससे महंगाई और आर्थिक दबाव की आशंका बढ़ गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक वैश्विक तनाव में राहत नहीं मिलती, तब तक बाजार में अस्थिरता बनी रह सकती है और निवेशकों को सतर्क रहना होगा।
ये भी पढ़ें: सोना हुआ सस्ता, चांदी ने पकड़ी रफ्तार! क्या फिर बदलने वाला है बाजार का खेल?
