उत्तर प्रदेशनोएडा

नोएडा में ठगी के दो बड़े मामले, लाखों के लालच में डूबी जमा पूंजी

सोशल मीडिया पर दिखे बड़े मुनाफे के सपनों ने कई लोगों की मेहनत की कमाई डुबो दी। अलग-अलग तरीकों से लोगों को जाल में फंसाया गया।

Reported by Tanvi Pandey and edited by Tanvi Pandey

Noida Cyber Fraud: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में ठगी के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। दोनों मामलों में लोगों को मोटे मुनाफे का भरोसा दिया गया। किसी ने कुरियर फ्रेंचाइजी लेने के लिए पैसे लगाए तो किसी ने क्रिप्टो ट्रेडिंग में निवेश कर दिया। आखिर में दोनों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

विज्ञापन पर किया भरोसा

ग्रेटर नोएडा वेस्ट की रहने वाली सुनीता देवी और उनके पति बाबूराम का कहना है कि उन्होंने सोशल मीडिया पर एक कंपनी का विज्ञापन देखा था। कंपनी ने दावा किया कि वह ऑनलाइन शॉपिंग कंपनियों की कुरियर फ्रेंचाइजी दिलाती है। पहले उनसे 15 हजार रुपये लिए गए और बाद में 2.35 लाख रुपये जमा कराए गए। भरोसा इतना बढ़ा कि उन्होंने किराये पर दुकान भी ले ली, लेकिन चार  महीने बीतने के बाद भी उन्हें कोई पार्सल नहीं मिला। जब वे कंपनी के सेक्टर-2 स्थित दफ्तर पहुंचे तो वहां ताला लगा हुआ था।

वॉट्सएप ग्रुप से शुरू हुआ खेल

उधर, सेक्टर-63 निवासी गोविंद अग्रवाल भी साइबर ठगी का शिकार हो गए। उन्हें वॉट्सएप पर शेयर बाजार से जुड़ा एक संदेश मिला, जिसके बाद उनका नंबर एक क्रिप्टो ट्रेडिंग ग्रुप में जोड़ दिया गया। शुरुआत में थोड़ा मुनाफा दिखाकर भरोसा बनाया गया। इसके बाद लगातार निवेश कराने के नाम पर उनसे पैसे जमा कराए गए।

सामने आई सच्चाई

गोविंद के मुताबिक, वेबसाइट पर बढ़ता हुआ मुनाफा दिखाया जा रहा था। इसी भरोसे में उन्होंने कुल 13 लाख रुपये जमा कर दिए। बाद में जब उन्होंने रकम निकालनी चाही तो उनसे टैक्स के नाम पर 10 लाख रुपये और मांगे गए। पैसे नहीं देने पर संपर्क बंद कर दिया गया। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस की सलाह

पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया, वॉट्सएप ग्रुप या अनजान लोगों के कहने पर कहीं भी निवेश करने से पहले पूरी जानकारी जरूर जांच लें। किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तुरंत शिकायत दर्ज करानी चाहिए ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।

ये भी पढ़े : Noida News: क्या यूपी में बंद होने जा रही है जमीनों की रजिस्ट्री? सरकार के एक फैसले से मचा महा-हड़कंप, वकीलों ने दफ्तरों में जड़ा ताला

 

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Translate »